वाराणसी : संभव जनसुनवाई में पहुंचीं 22 शिकायतें, नगर आयुक्त ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश

 


—साफ-सफाई, सीवर, स्ट्रीट लाइट, सड़क और जर्जर भवन समेत विभिन्न समस्याओं को लेकर नागरिकों ने सौंपे प्रत्यावेदन

वाराणसी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी नगर निगम में मंगलवार को आयोजित संभव जनसुनवाई में 22 शिकायतें प्राप्त हुईं। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने नागरिकों की समस्याएं सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। इस दौरान विभिन्न शिकायतों से संबंधित प्रत्यावेदन आवश्यक कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को अग्रसारित किए गए।

जनसुनवाई में शहर के अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने सड़क, साफ-सफाई, सीवर, स्ट्रीट लाइट, जर्जर भवन, असेसमेंट, दाखिल-खारिज और आवास सहित विभिन्न नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। बजरडीहा निवासी धनंजय चौबे ने सड़क निर्माण से संबंधित शिकायत की, जबकि औरंगाबाद के लवकुश चौरसिया ने जर्जर भवन और तरना शिवपुर की प्रियंका मिश्रा ने साफ-सफाई की समस्या को लेकर प्रत्यावेदन दिया। सारनाथ निवासी रवि कुमार पटेल ने असेसमेंट तथा आदमपुर के तारिक अनवर और इंद्रपुरी कॉलोनी के ओमप्रकाश चौबे ने सीवर संबंधी समस्याएं उठाईं।

इसी क्रम में बजरडीहा के मोहम्मद सुलैनी और शिवपुरवा के अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने स्ट्रीट लाइट की समस्या बताई। शिवपुरवा के राहुल सोनकर और चांदपुर के अमरजीत ने साफ-सफाई की व्यवस्था में सुधार की मांग की। वहीं, नगवां के पीयूष कुमार पांडेय, नदेसर के रोहन मिश्रा और मिसिर पोखरा के उपहास कुमार ने दाखिल-खारिज से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए।

कोल्हुआ विनायका के धर्मेंद्र कुमार सोनकर ने संचिका से जुड़ी समस्या उठाई, जबकि काजीपुरा खुर्द के सज्जाद खान ने सर्विस बीमा और भुगतान के संबंध में शिकायत दर्ज कराई। सीरगोवर्धन के शिवधनी ने स्ट्रीट लाइट तथा कमच्छा के रामानन्द और पियरीया पोखरी के अंगद चौहान ने सीवर की समस्या के समाधान की मांग की।

इसके अलावा लक्ष्मणपुर की दुर्गा देवी और रूबी प्रजापति ने आवास से संबंधित शिकायतें रखीं। मढ़वां लमही के वैभव शर्मा ने सड़क की समस्या, जबकि कोतवाली के आनंद कुमार सुरेका ने जर्जर भवन को लेकर अपना प्रत्यावेदन दिया। नगर निगम प्रशासन ने सभी शिकायतों पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने और समस्याओं का समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी