वाराणसी : दीनापुर जोन पेयजल आपूर्ति योजना से शहर के छह वार्डों के हजारों परिवारों को मिलेगा शुद्ध पेयजल
—दीनापुर, सलारपुर, लेढुपुर, सन्दहा, सारनाथ और रामदत्तपुर के निवासियों को जल संकट से मिलेगी मुक्ति
वाराणसी, 13 जून (हि.स.)। वाराणसी शहर में सीवर व पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं को लेकर नगर निगम पूरी तरह से गंभीर है । शनिवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने दीनापुर जोन पेयजल आपूर्ति योजना का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता की गहन समीक्षा की। इस महत्वाकांक्षी योजना के धरातल पर उतरने से दीनापुर, सलारपुर, लेढुपुर, सन्दहा, सारनाथ एवं रामदत्तपुर के हजारों परिवारों को शुद्ध और निर्बाध पेयजल मिलने लगेगा।
निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था उत्तर प्रदेश जल निगम (नगरीय) के अधिकारियों ने नगर आयुक्त को बताया कि योजना का कार्य मेसर्स विश्वा इन्फ्रास्ट्रक्चर एण्ड सर्विस प्रा. लि., निर्भय नगर, आगरा के माध्यम से कराया जा रहा है, जिसकी वर्तमान प्रगति 58 प्रतिशत है। मौके पर मौजूद कर्मियो और काम की रफ्तार को देखकर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। उन्होंने फर्म के प्रतिनिधि से श्रमिकों और संसाधनों की संख्या तत्काल बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिया। नगर आयुक्त ने निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण न होने या निर्देशों की अवहेलना करने की स्थिति में फर्म के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी।
बताते चले इस वृहद योजना के तहत क्षेत्र में जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कुल 27 नए नलकूप, 10 उच्च जलाशय (पानी की टंकी), 414 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन और 20,176 घरों में पेयजल गृह संयोजन (कनेक्शन) देने का लक्ष्य प्रस्तावित है। इसके पूरा होने से क्षेत्र की एक बड़ी आबादी को पानी के संकट से हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।
—पानी की टंकियों और नलकूपों का काम 90 फीसदी पूरा
अधिकारियों ने प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि वर्तमान में 25 नलकूपों और 09 उच्च जलाशयों का निर्माण कार्य लगभग 90 प्रतिशत तक पूरा कर लिया गया है। इसके अलावा, अब तक 262 किलोमीटर मुख्य पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है और 2,500 घरों को सीधे पेयजल कनेक्शन से जोड़ा जा चुका है। बचे हुए कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने की रणनीति बनाई गई है। निरीक्षण के दौरान जल निगम के अधिशासी अभियंता बृजेश कुमार, अधिशासी अभियन्ता राम अवतार, सहायक अभियन्ता पीयूष वर्मा आदि की मौजूदगी रही।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी