वाराणसी : नगर निगम की पहल पर पहले दिन ही 122 भवन स्वामियों ने ओटीएस का उठाया लाभ

 


-गृहकर, जलकर और सीवरकर बकाया किया 18.37 लाख रुपये जमा, तीन लाख अस्सी हजार सरचार्ज माफ

वाराणसी, 18 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी नगर निगम ने गृहकर, जलकर और सीवरकर के बकायेदारों को राहत देते हुए 'एकमुश्त समाधान योजना' (ओटीएस) लागू की है। इस योजना के तहत मूल बकाया राशि का एकमुश्त भुगतान करने पर आरोपित पूरे ब्याज और सरचार्ज को पूरी तरह माफ कर दिया जाएगा। यह योजना 15 अगस्त से लागू हो चुकी है और 15 दिसंबर तक प्रभावी रहेगी। इस योजना व्यापक असर दिखने लगा है। पहले दिन ही 122 भवन स्वामियों ने 18.37 लाख रुपये की बकाया राशि जमा कर तीन लाख अस्सी हजार सरचार्ज माफी का लाभ उठाया। यह जानकारी मंगलवार को नगर निगम के जनसम्पर्क कार्यालय ने दी।

बताया गया कि प्रदेश शासन के निर्देश पर नगर निगम ने छोटे और मध्यम करदाताओं को बड़ी राहत देते हुए किस्तों में भुगतान के विकल्प को भी मंजूरी दी है। इसके तहत एक लाख रुपये तक के बकायेदार अपनी कुल बकाया राशि का एक-तिहाई हिस्सा शुरुआती 30 दिनों के भीतर जमा कर सकेंगे। इसके बाद बची हुई दो-तिहाई धनराशि का भुगतान वे अगली दो समान मासिक किस्तों में आसानी से कर सकते हैं। इस व्यवस्था से आम नागरिकों को एक साथ बड़े वित्तीय बोझ से मुक्ति मिलेगी और कर वसूली प्रक्रिया में भी तेजी आएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी