वाराणसी : सावन माह में शिवभक्तों की राह आसान करेगी क्यूआरटी, टीम गठित

 


—गंगा घाटों व गलियों पर विशेष फोकस, कांवर शिविरों में मिलेंगी सभी सुविधाएं, आवारा पशुओं पर अंकुश लगाने का दावा

वाराणसी, 23 जुलाई (हि.स.)। सावन माह में उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में काशी आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और कांवरियों की सुविधा को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अन्तिम दौर में है। वाराणसी नगर निगम ने भी अपनी तैयारी तेज कर दी है । इस क्रम में श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए निगम ने क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) के गठन का निर्णय लिया है। यह टीम कांवर मार्गों की साफ-सफाई, सीवर ओवरफ्लो, पेयजल और मार्ग प्रकाश (स्ट्रीट लाइट) से जुड़ी समस्याओं का त्वरित निस्तारण करेगी।

सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में गुरुवार को आयोजित समीक्षा बैठक में महापौर अशोक कुमार तिवारी ने तैयारियों का खाका खींचा। महापौर ने श्रीकाशी विश्वनाथ धाम समेत शहर के सभी प्रमुख शिवालयों और गंगा घाटों विशेषकर दशाश्वमेध, शीतला, राजेंद्र प्रसाद और अस्सी घाट को जोड़ने वाली गलियों में सुबह और शाम अनिवार्य रूप से सफाई कराने का निर्देश दिया। इसके अलावा श्रद्धालुओं के मार्ग में आवारा पशु न दिखें और अतिक्रमण से मुक्ति मिले। शहर को भिक्षामुक्त काशी बनाने के लिए भी अभियान में तेजी लाने का निर्णय लिया गया है। सीवर जाम की समस्या से निपटने के लिए जेटिंग मशीनों को अलर्ट मोड पर रखा जाएगा। सावन में पंचकोशी यात्रा का विशेष महत्व होता है। इसे ध्यान में रखते हुए पंचकोशी मार्ग की सड़कों की मरम्मत और व्यापक सफाई के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा कांवरियों के लिए लगाए जाने वाले शिविरों में निगम की ओर से शुद्ध पेयजल, डस्टबिन, चूना छिड़काव और अस्थायी प्रकाश की समुचित व्यवस्था की जाएगी। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ निगम का अभियान सावन के दौरान और सख्त रहेगा।

——काशी विश्वनाथ धाम से लेकर सारंगनाथ तक रहेगी विशेष नजर

नगर निगम ने सावन के दृष्टिगत शहर के प्रमुख शिवालयों की सूची तैयार की है जहां विशेष प्रबंध किए जाएंगे। इनमें श्री काशी विश्वनाथ मंदिर, गौरी केदारेश्वर, तिलभांडेश्वर, महामृत्युंजय, सारंगनाथ, कर्दमेश्वर महादेव, बैजनत्था, पातालेश्वर महादेव, ओंकारेश्वर, बिन्दु माधव, मल्लिकार्जुन (सिगरा), शीतला माता मंदिर, चेतगंज स्थित बेन बाबा मंदिर, मडुआडीह व तुलसीपुर के शिव मंदिर, जयप्रकाश नगर और माधोपुर का नया शिव मंदिर, केदारनाथ मंदिर, शामिल हैं।

समीक्षा बैठक में अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्र, अपर नगर आयुक्त विनोद गुप्ता, सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, चीफ इंजीनियर सुरेश चंद्र, जलकल के महाप्रबंधक अनूप सिंह, पीआरओ संदीप श्रीवास्तव आदि भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी