वाराणसी : ओटीएस में 14 दिसंबर तक करें आवेदन, 15 जनवरी 2027 तक जमा होगा संपत्ति कर
—योजना की परिधि में कुल एक लाख भवन शामिल, अब तक 33,906 भवन स्वामियों ने किया आवेदन
वाराणसी, 22 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) का लाभ लेने से वंचित रह गए भवन स्वामियों के पास अभी भी अवसर है। निर्धारित समय-सीमा के अनुसार, पात्र भवन स्वामी ब्याज पर छूट का लाभ लेने के लिए 14 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगे, जबकि ओटीएस के तहत संपत्तिकर जमा करने की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है। ओटीएस की परिधि में कुल एक लाख भवन शामिल हैं। अब तक कुल 33,906 भवन स्वामियों ने योजना के तहत अपना आवेदन कराया है। इनमें से अब तक 5,340 भवन स्वामियों ने अपने भवन का 11.96 करोड़ रुपये की धनराशि नगर निगम के खाते में जमा कराई है, जबकि बड़ी संख्या में आवेदकों द्वारा राशि जमा किया जाना अभी शेष है।
रविवार को नगर आयुक्त शाश्वत तिरूपुरी ने बताया कि बकायेदारों को एसएमएस, फोन कॉल और चैटबॉट आदि माध्यमों से लगातार रिमाइंडर भेजकर सचेत किया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जो भवन स्वामी तय समय-सीमा के भीतर अपना बकाया कर जमा नहीं करेंगे, उनके विरुद्ध मकान व संपत्ति कुर्की जैसी कठोर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। ऐसे में विधिक कार्रवाई से बचने के लिए भवन स्वामी समय रहते ओटीएस का लाभ उठाकर अपना कर जमा करें।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी