सारनाथ के बाद अब शहर के चार और प्रमुख स्थानों पर सजेगा चटोरी चौक
——मैदागिन में निर्माण कार्य शुरू, जल्द ही कैंटोनमेंट, कबीर नगर और लहरतारा में भी खुलेंगे नए फूड स्ट्रीट
—45 दुकानों वाले सारनाथ चटोरी चौक की सफलता के बाद नगर निगम ने तेज की कवायद
वाराणसी, 21 नवम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जनपद के सारनाथ में चटोरी चौक के बाद दूसरे चरण में अब शहर के चार और प्रमुख स्थानों पर चटोरी चौक विकसित किए जाएंगे। इसके लिए नगर निगम ने मैदागिन, कैंटोनमेंट, कबीर नगर और लहरतारा का चयन भी कर लिया है। इनमें से मैदागिन में निर्माण कार्य प्रारंभ भी हो चुका है, जबकि अन्य तीनों स्थानों पर भी जल्द ही काम शुरू होने जा रहा है।
महापौर अशोक कुमार तिवारी ने शनिवार को बताया कि शहर के विभिन्न हिस्सों में बिखरे स्ट्रीट फूड वेंडरों को एक सुव्यवस्थित मंच देने और लोगों को स्वच्छ माहौल में बनारसी व्यंजनों का स्वाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस परियोजना का विस्तार किया जा रहा है। खाली और उपेक्षित पड़ी सार्वजनिक जमीनों का पुनरुद्धार कर उन्हें जीवंत फूड स्ट्रीट के रूप में विकसित किया जा रहा है। इससे पहले सारनाथ की विरासत के समीप 45 दुकानों के साथ शुरू किए गए पहले 'चटोरी चौक' को स्थानीय लोगों और देशी-विदेशी पर्यटकों का भरपूर प्यार मिल रहा है। यहां एक ही छत के नीचे चाट, कचौड़ी, कुल्हड़ चाय समेत काशी के पारंपरिक व्यंजनों के साथ ही स्वच्छ शौचालय, वॉशरूम, बैठने की उचित व्यवस्था और नियमित साफ-सफाई जैसे आधुनिक इंतजाम किए गए हैं। अब इसी मॉडल को शहर के अन्य चार हिस्सों में उतारने से न केवल स्ट्रीट फूड संस्कृति को नई पहचान मिलेगी, बल्कि अतिक्रमण कम होने से यातायात व्यवस्था भी सुगम होगी। उन्होंने बताया कि काशी आने वाले पर्यटकों और शहरवासियों को स्वच्छ व सुरक्षित वातावरण में बनारसी जायके का आनंद मिले, यही हमारा लक्ष्य है। सारनाथ की सफलता के बाद अब मैदागिन समेत चार नए स्थानों पर चटोरी चौक बनने से स्ट्रीट वेंडरों को सम्मानजनक रोजगार मिलेगा और शहर की सुंदरता भी बढ़ेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी