वाराणसी : द्वितीय शनिवार और रविवार की छुट्टी में भी खुलेंगे नगर निगम के टैक्स काउंटर

 


वाराणसी, 10 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी नगर निगम ने गृहकर छूट की अंतिम तिथि 15 जुलाई को देख बड़ा निर्णय लिया है। अब गृहस्वामियों को राहत देने के लिए इस सप्ताह पड़ने वाले द्वितीय शनिवार (11 जुलाई) और रविवार (12 जुलाई) के सरकारी अवकाश के दिनों में भी सभी टैक्स कलेक्शन काउंटर सामान्य दिनों की तरह खुले रहेंगे। शुक्रवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि इस विशेष व्यवस्था के तहत सिगरा स्थित नगर निगम मुख्यालय सहित शहर के सभी जोनल कार्यालयों के काउंटर सुबह से शाम तक क्रियाशील रहेंगे। ऐसे कामकाजी नागरिक जो सामान्य दिनों में व्यस्तता के कारण नहीं आ पाते थे, वे इन दोनों छुट्टियों के दिनों में कार्यालय पहुंचकर अपने गृहकर, जलकर व सीवरकर का भुगतान आसानी से कर सकते हैं।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के मुताबिक 15 जुलाई तक गृहकर, जलकर व सीवरकर जमा करने पर 10 प्रतिशत की छूट मिल रही है। इसके बाद उपभोक्ताओं को बिना किसी छूट के पूरा टैक्स चुकाना होगा। वहीं जो नागरिक निगम के काउंटरों पर नहीं जाना चाहते, उनके लिए घर बैठे ऑनलाइन भुगतान का भी बेहतरीन विकल्प मौजूद है। उपभोक्ता अपने मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए विभिन्न ऑनलाइन माध्यमों (यूपीआई, नेट बैंकिंग, डेबिट/क्रेडिट कार्ड) से सीधे अपना गृहकर, जलकर व सीवरकर जमा कर सकते हैं। इसके अलावा, नगर निगम के आधिकारिक वाट्सएप चैटबॉट नंबर 86018 72601 पर सिर्फ 'Hi' लिखकर भेजकर भी उपभोक्ता सीधे अपना डिजिटल बिल प्राप्त कर सुरक्षित भुगतान कर सकते हैं।डिजिटल या ऑनलाइन माध्यमों से भुगतान करने पर 2 प्रतिशत की अतिरिक्त रियायत भी मिलेगी । यानी 12 प्रतिशत की छूट मिलेगी । नगर आयुक्त ने कहा कि छूट की मियाद में अब बहुत कम समय बचा है, उन्होंने अपील की है कि अवकाश के दिनों में दी गई इस विशेष सुविधा का लाभ उठाएं और समय से अपने गृहकर, जलकर व सीवरकर का भुगतान कर पेनाल्टी से बचें।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी