वाराणसी : 23 हजार से अधिक भवन स्वामियों ने घर बैठे जमा किया 23.59 करोड़ से अधिक का संपत्ति कर

 


— छूट के लिए अब महज छ्ह दिनों का मौका,चैटबॉट से घर बैठे टैक्स जमा करने की सुविधा

वाराणसी, 09 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में 15 जुलाई तक ही गृहकर, जलकर और सीवरकर पर 10 प्रतिशत की मुख्य छूट मिलेगी। छूट के साथ गृहकर जमा न कर पाने वालों के लिए अब केवल छ्ह दिन शेष बचे हैं। वहीं, डिजिटल भुगतान करने वालों को नगर निगम दो प्रतिशत की अतिरिक्त रियायत के साथ यानी कुल 12 प्रतिशत छूट दे रहा है। यही वजह है कि भवन स्वामी अब नगर निगम के काउंटरों की लंबी लाइनों को छोड़कर तेजी से ऑनलाइन माध्यमों को अपना रहे हैं।

वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक 23,416 करदाता डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर 23.59 करोड़ रुपये बतौर टैक्स जमा कर चुके हैं, जो पिछले साल की इसी अवधि 19.75 करोड़ से कहीं अधिक है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के अनुसार वाट्सएप चैटबॉट नंबर 86018 72601 पर सिर्फ 'Hi' लिखकर भेजते ही आपका डिजिटल बिल स्क्रीन पर आ जाता है। शहर के 2,422 भवन स्वामियों ने इस बेहद सुगम सुविधा का लाभ उठाकर 1 78 करोड़ रुपये का टैक्स सीधे अपने मोबाइल से जमा भी कर दिया है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत जो लोग निगम के चैटबॉट के माध्यम से अपने घरों की छतों पर सोलर पैनल लगवा रहे हैं, उन्हें निगम संपत्ति कर में 10 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट दे रहा है। चैटबॉट के माध्यम से अब तक कुल पांच भवन स्वामियों ने सोलर पैनल छूट के लिए आवेदन किया है, जिनमें भेलूपुर से 1, कोतवाली से 1 और सारनाथ जोन से 3 आवेदन शामिल हैं।

——चैटबॉट से शिकायत की भी सुविधा, 39 प्रकरणों पर एक्शन

यह हाईटेक चैटबॉट सिर्फ टैक्स वसूलने का जरिया नहीं, बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान भी बन रहा है। टैक्स या बिलिंग में गड़बड़ी होने पर नागरिकों को इस पर शिकायत दर्ज करने की सुविधा दी गई है। वर्तमान में पानी और सीवर टैक्स की गणना से संबंधित कुल 39 प्रकरण (मामले) चैटबॉट के जरिए सामने आए हैं, जिन पर निगम प्रशासन तुरंत एक्शन लेकर सुधार करवा रहा है।

——भूल गए तो कोई बात नहीं... आ रहा है मैसेज और कॉलिंग

टैक्स जमा करने की अंतिम तारीख (15 जुलाई) पास आते देख नगर निगम अपनी तरफ से भी मुस्तैद है। जिन भवन स्वामियों का टैक्स अभी बकाया है, उन्हें सीधे उनके मोबाइल पर सफलतापूर्वक रिमाइंडर मैसेज भेजे जा रहे हैं। इतना ही नहीं, जो लोग मैसेज नहीं देख पा रहे हैं, उन्हें काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से सीधे कॉल करके इस छ्ह दिनों की मियाद और मिलने वाली छूट के प्रति जागरूक किया जा रहा है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि जिन लोगों ने अप्रैल से मई के बीच पहले ही टैक्स दे दिया था, उनकी छूट की राशि अगले साल के बिल में एडजस्ट हो जाएगी। बाकी बचे लोग देर न करें, 15 जुलाई से पहले वाट्सएप नंबर 86018 72601 का उपयोग करें, लाइन से बचें और छूट का लाभ उठाएं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी