वाराणसी में 8,944 भवन स्वामियों ने उठाया टैक्स में छूट का लाभ
— गृहकर, जलकर व सीवर कर आनलाइन जमा करने वालों को 12 प्रतिशत की छूट,अब तक 14,294 भवन स्वामियों ने कराया टैक्स दर्ज
वाराणसी, 17 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी नगर निगम 15 जुलाई तक गृहकर, जलकर व सीवर कर जमा करने वाले भवन स्वामियों को 10 प्रतिशत की छूट दे रहा है। वहीं, डिजिटल ट्रांजैक्शन को बढ़ावा देने के लिए वित्तीय वर्ष 2026-27 का ऑनलाइन टैक्स करने वाले भवन स्वामियों को दो प्रतिशत की अतिरिक्त यानी 12 प्रतिशत की छूट मिल रही है। निगम के इस छूट वाले ऑफर का जनता जमकर लाभ उठा रही है। अब तक शहर के कुल 14,294 भवन स्वामियों ने 7.65 करोड़ रुपये का टैक्स जमा कर दिया है। इसमें से 8,944 भवन स्वामियों ने छूट का सीधा लाभ लेते हुए कुल 3.80 करोड़ रुपये राजकोष में जमा किए हैं। रविवार को यह जानकारी नगर निगम के जनसम्पर्क कार्यालय ने दी। बताया गया कि टैक्स जमा करने वालों में 5,350 भवन स्वामी ऐसे हैं जिन्होंने निगम की वेबसाइट www.nnvns.org.in पर जाकर ऑनलाइन माध्यम का उपयोग किया है, जबकि 8,944 भवन स्वामियों ने नगर निगम के काउंटर पर आकर सीधे टैक्स का भुगतान किया है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि नगर निगम कार्यकारिणी की मंजूरी के बाद, वर्तमान वित्तीय वर्ष में 7 मई से 15 जुलाई तक शहर के करीब 2.33 लाख भवन स्वामियों को इस छूट का लाभ दिया जा रहा है। वहीं, जिन जागरूक नागरिकों ने 1 अप्रैल से 6 मई के बीच ही अपना टैक्स जमा कर दिया था, उन्हें भी चिंता करने की जरूरत नहीं है। ऐसे भवन स्वामियों की छूट की राशि को अगले वित्तीय वर्ष के टैक्स में समायोजित कर दिया जाएगा, इसलिए उन्हें अपनी छूट की रकम को लेकर चिंता करने की बिल्कुल आवश्यकता नहीं है। निगम ने इस बार सामाजिक सरोकार को ध्यान में रखते हुए कई संवेदनशील निर्णय भी लिए हैं।
नगर आयुक्त के मुताबिक, दृष्टिहीन और 80 प्रतिशत से अधिक विकलांगता (दिव्यांगता) वाले भवन स्वामियों का टैक्स पूरी तरह से (100 फीसदी) माफ कर दिया गया है। हालांकि, इस पूर्ण माफी का लाभ उठाने के लिए सक्षम अधिकारी द्वारा जारी किया गया दिव्यांगता प्रमाण पत्र निगम कार्यालय में प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। इसके अलावा, देश और समाज के लिए विशेष योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों और पद्म अवार्डी नागरिकों को भी सम्मान देते हुए गृहकर, सीवरकर एवं जलकर में 50 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी