वाराणसी : 15 जुलाई तक ऑनलाइन हाउस टैक्स जमा पर मिलेगी 12 प्रतिशत की छूट

 


—दृष्टिहीन और 80 प्रतिशत दिव्यांगों के लिए गृहकर, जलकर व सीवर कर पूरी तरह से माफ

—महापौर की अध्यक्षता में हुई कार्यकारिणी की बैठक

वाराणसी, 04 मई (हि.स.)। शहरवासियों को राहत देते हुए वाराणसी नगर निगम ने चालू वित्तीय वर्ष में गृहकर, जलकर और सीवर कर के भुगतान पर आकर्षक छूट देने का फैसला किया है। महापौर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कार्यकारिणी बैठक में यह निर्णय लिया गया।

नगर निगम के अनुसार, 15 जुलाई तक कर जमा करने वाले भवन स्वामियों को 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। वहीं डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऑनलाइन टैक्स जमा करने पर 12 प्रतिशत की विशेष छूट दी जाएगी। शहर के करीब 2.33 लाख भवन स्वामियों को इसका लाभ मिलेगा।

—दिव्यांगों को पूर्ण कर-माफी

सामाजिक सरोकारों को ध्यान में रखते हुए निगम ने दृष्टिहीन और 80 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले भवन स्वामियों के लिए गृहकर, जलकर और सीवर कर पूरी तरह माफ करने का निर्णय लिया है। इसके लिए सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

पहले भुगतान करने वालों को भी राहत

जिन लोगों ने पहले ही चालू वित्तीय वर्ष का टैक्स जमा कर दिया है, उनकी छूट की राशि अगले वित्तीय वर्ष के बिल में समायोजित की जाएगी। साथ ही व्यापारियों को लाइसेंस शुल्क में भी 10 प्रतिशत की छूट देने का निर्णय लिया गया है। यह सभी लाभ एक सप्ताह के भीतर लागू हो जाएंगे।

—वरुणा रिवर फ्रंट प्रोजेक्ट को मंजूरी

बैठक में वरुणा कॉरिडोर की स्थिति पर भी चर्चा हुई। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि वरुणा नदी के किनारे रिवर फ्रंट विकसित करने के प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिल चुकी है। इसके तहत 48 नालों को टैप किया जाएगा और नई सीवर लाइन बिछाई जाएगी। यह परियोजना लगभग डेढ़ वर्ष में पूरी होने की संभावना है।

जमीन अदला-बदली से होगा शहर का विकास

नगर निगम ने शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए रक्षा संपदा विभाग और रेलवे से जमीन लेने का निर्णय लिया है। इसके बदले निगम बराबर मूल्य की जमीन संबंधित विभागों को देगा। कार्यकारिणी ने इस प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी।

—पंचक्रोशी यात्रा से पहले सुधार के निर्देश

आगामी 15 मई से शुरू हो रही पंचक्रोशी यात्रा को देखते हुए परिक्रमा मार्ग की खराब स्थिति पर चिंता जताई गई। निगम अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा से पहले सड़कों की मरम्मत, पेयजल, प्रकाश, शौचालय और स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

शहर में मुफ्त होंगे यूरिनल

शहर में सभी सार्वजनिक यूरिनल्स को पूरी तरह निःशुल्क करने का निर्णय लिया गया है। यहां हिंदी और अंग्रेजी में रेट बोर्ड भी लगाए जाएंगे, ताकि पारदर्शिता बनी रहे।

—सिगरा में बनेगा आधुनिक फल बाजार

अव्यवस्थित ठेले-गुमटियों को व्यवस्थित करने के तहत सिगरा क्षेत्र में भारत सेवाश्रम से सुलभ शौचालय तक ‘फल बाजार’ विकसित किया जाएगा। इसका उद्देश्य सड़क सुरक्षा और नागरिक सुविधा को बेहतर बनाना है। बैठक में नगर निगम के कई पार्षदों और अधिकारियों ने शहर की सफाई, जल निकासी, ठेकेदारी व्यवस्था और विकास कार्यों की गुणवत्ता से जुड़े मुद्दे भी उठाए।

—बैठक में इनकी रही उपस्थिति

बैठक में उपसभापति नरसिंह दास, कार्यकारिणी सदस्य अमरदेव यादव, प्रमोद राय, हनुमान प्रसाद, प्रवीण राय, सुशील गुप्ता योगी, मदन मोहन तिवारी, राजकुमार चौधरी, अशोक मौर्या, माधुरी सिंह, सुशीला देवी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। इसके अलावा नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, अमित कुमार, संगम लाल, संयुक्त नगर आयुक्त कृष्ण चंद्र आदि अफसर भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी