वायु सेना के एयर शो को लेकर वाराणसी नगर निगम सजग, नगर आयुक्त ने परखीं घाटों की व्यवस्थाएं

 


——राजघाट से अधिकारियों के साथ पैदल चलकर लिया तैयारियों का जायजा, रास्ते से अतिक्रमण हटाने के दिए निर्देश

वाराणसी, 18 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय वायु सेना दिवस की 94वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में नमो घाट पर होने वाले भव्य 'हवाई प्रदर्शन' (एयर शो) को लेकर वाराणसी नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। रविवार अपरान्ह नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने तैयारियों का जायजा भी लिया। उन्होंने राजघाट से लेकर सभी घाटों का पैदल चलकर क्षेत्र का निरीक्षण किया और एक-एक व्यवस्था को बारीकी से परखा।

नगर आयुक्त ने इस दौरान सफाई कर्मचारियों और संबंधित अधिकारियों को कड़ी हिदायत दी कि घाटों और संपर्क मार्गों पर साफ-सफाई में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जोनल अधिकारियों को निर्देश दिए कि मार्गों से तुरंत अतिक्रमण हटाया जाए और मलवे आदि को पूरी तरह साफ कराया जाए। इस दौरान नगर आयुक्त के साथ जोनल अधिकारी पवन गुप्ता, अधिशासी अभियंता विकास कुरील, जेई सिद्धार्थ सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे, जिन्होंने घाटों से लेकर गलियों तक की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।

बताते चले नमोघाट पर 22, 24 और 25 अक्टूबर 2026 को होने वाले इस ऐतिहासिक एयर शो को देखने के लिए देश-विदेश और आसपास के जनपदों से लाखों दर्शकों व वीवीआईपी अतिथियों के अलावा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भी आने की संभावना है। इसे देखते हुए नगर निगम द्वारा गंगा के दोनों किनारों पर सफाई, मोबाइल टॉयलेट, लाइटिंग, पार्किंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी