वाराणसी में डार्क स्पॉट खत्म करने के लिए नगर निगम ने तैयार किया रोडमैप

 


—शहर को रोशन रखने के लिए सड़कों पर उतरी निगम की टीम, 20 वार्डों में मुख्य सड़कों से लेकर खंगालीं आंतरिक गलियां

वाराणसी,08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी के शहरी हिस्से को रात में रोशन रखने और रात्रि कालीन सफाई व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए नगर निगम सजग है । इस क्रम में उच्च अधिकारियों ने आलोक विभाग की टीमों के साथ रात में राजघाट, चौकाघाट, सरसौली, तुलसीपुर, सिगरा, शिवपुरवा और गोलाघाट समेत 20 वार्डों में एक साथ मुख्य सड़कों से लेकर आंतरिक गलियों तक का जायजा लिया। और पथ प्रकाश (स्ट्रीट लाइट) और सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान विभिन्न वार्डों के 7,500 से अधिक प्रकाश बिंदुओं में से लगभग 95 प्रतिशत स्ट्रीट लाइटें चालू मिलीं, जबकि शिवपुरवा में 119, सिगरा में 68 और गोलाघाट में 23 सहित कुल 210 लाइटें बंद पाई गईं।

इस दौरान चिह्नित किए गए डार्क स्पॉट समाप्त करने के लिए 32 नई लाइटें, 50 नए पोल (शिवपुरवा में 40 व सिगरा में 10) और आठ सेमी हाई मास्ट लगाने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। साथ ही बंद व पीली पड़ चुकी ईईएसएल लाइटों को बदलने, आवश्यकतानुसार स्विचमैन तैनात करने और आंतरिक गलियों में रात्रिकालीन सफाई को और मजबूत करने की कार्ययोजना बनाई गई है। अपर नगर आयुक्त विनोद कुमार गुप्ता ने गुरूवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि निरीक्षण के दौरान सफाई मित्र भी मुस्तैद मिले। निरीक्षण अभियान में उनके साथ बरखा सिंह संयुक्त नगर आयुक्त, जितेंद्र आनंद, मुख्य नगर लेखा परीक्षक एसपी सिंह, अधिशासी अभियंता आरके लाल, जोनल अधिकारी रीता रानी विक्रम और सेनेटरी आफिसर क्षितिज मिश्रा सहित आलोक विभाग के कर्मचारी भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी