वाराणसी में कबाड़ इलेक्ट्रॉनिक्स के झंझट से मिलेगी मुक्ति,घर-घर से ई-वेस्ट उठाएगा नगर निगम
— पुराने और कबाड़ इलेक्ट्रॉनिक्स सामानों के निस्तारण के लिए क्यूआर कोड या हेल्पलाइन नं. 8335955000 बुक करें
वाराणसी,25 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी को को स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में नगर निगम ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। शहर में लगातार बढ़ रहे इलेक्ट्रॉनिक कचरे के सुरक्षित निस्तारण के लिए निगम ने 'एडमायबिन' को अधिकृत किया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य पुराने और खराब हो चुके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को सामान्य कचरे में मिलने से रोकना तथा पर्यावरण-अनुकूल तरीके से उनकी रिसाइकिलिंग सुनिश्चित करना है।
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शुक्रवार को बताया कि अब शहर में घर-घर जाकर ई-वेस्ट का संग्रह किया जाएगा। अधिकृत संस्था ई-वेस्ट लेते समय संबंधित नागरिक या संस्थान को उसका उचित मूल्य भी प्रदान करेंगी । इसके साथ ही आम जनता में जागरूकता फैलाने के लिए विशेष जागरूकता सत्र और संग्रह अभियान चलाए जाएंगे। यह सेवा केवल घरों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि कार्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों, विभिन्न संस्थानों, उद्योगों और बल्क जनरेटरों से भी पुराने इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरणों का संग्रह किया जाएगा। निगम ने काशीवासियों से अपील की है कि वे पुराने इलेक्ट्रॉनिक्स को कल की समस्या न बनने दें। ई-वेस्ट को गीले या सूखे सामान्य कचरे के साथ न मिलाकर अलग रखें और अधिकृत संस्था को ही सौंपें। ई-वेस्ट पिकअप बुक करने के लिए नागरिक क्यूआर कोड या हेल्पलाइन नंबर 8335955000 पर संपर्क कर सकते हैं।
—हर प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का उठान
अभियान के अंतर्गत कंप्यूटर, लैपटॉप, मॉनिटर, मोबाइल फोन, टैबलेट, प्रिंटर, स्कैनर, रेफ्रिजरेटर, फ्रीजर, वॉशिंग मशीन, ड्रायर, एयर कंडीशनर, गीजर, माइक्रोवेव ओवन, किचन उपकरण, बैटरी, सेल, चार्जर, केबल, नेटवर्किंग उपकरण (राउटर, स्विच), स्टेबलाइजर, इनवर्टर, यूपीएस, सर्किट बोर्ड (पीसीबी), होम थिएटर, ऑडियो सिस्टम और टेलीविजन (एलईडी/एलसीडी/सीआरटी) जैसे सभी प्रकार के ई-वेस्ट एकत्र किए जाएंगे।
—चार आसान चरणों में होगी प्रक्रिया
नगर आयुक्त के अनुसार ई-वेस्ट देने के लिए नागरिकों को सबसे पहले दिए गए हेल्पलाइन नंबर या क्यूआर कोड के माध्यम से संपर्क करना होगा। इसके बाद पिकअप का सुविधाजनक समय और तिथि निर्धारित की जाएगी। तय समय पर एडमायबिन की टीम आपके स्थान पर पहुंचकर ई-वेस्ट एकत्र करेगी तथा उसका उचित मूल्य प्रदान करेगी। अंत में, एकत्र किए गए ई-वेस्ट को अधिकृत चैनलों के माध्यम से सुरक्षित चैनलाइजेशन और वैज्ञानिक तरीके से रिसाइकिलिंग के लिए भेजा जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी