वाराणसी में बारिश के मौसम के पहले नालों से कचरा हटेगा, क्षतिग्रस्त सड़कों का पैच वर्क भी
—महापौर अशोक तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल कार्यों की करेंगे खुद मानिटरिंग
—अस्सी से सीर गोवर्धन क्षेत्र तक विभिन्न वार्डों का किया स्थलीय निरीक्षण
वाराणसी, 08 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर में मानसून के मौसम के पूर्व नगर निगम ने नालों की सफाई, उसमें से कचरा हटाने और इससे क्षतिग्रस्त सड़कों का पैच वर्क कार्य को प्राथमिकता दिया है। इन कार्यो की मानिटरिंग महापौर अशोक कुमार तिवारी व नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल स्वयं कर रहे हैं।
बुधवार को महापौर व नगर आयुक्त ने संयुक्त रूप से अस्सी और सीर गोवर्धन क्षेत्र के विभिन्न वार्डों का स्थलीय निरीक्षण किया और सफाई व्यवस्था की हकीकत जांची। नगर आयुक्त ने इस दौरान अस्सी व सीर क्षेत्र के प्रमुख नालों से कचरा हटाने के निर्देश भी दिए। मौके पर ही महापौर व नगर आयुक्त ने क्षतिग्रस्त सड़कों के पैच वर्क और मरम्मत कार्य की भी समीक्षा की। महापौर ने नगवां और आसपास के क्षेत्रों में नालों की सफाई का बारीकी से अवलोकन किया।
उन्होंने अधिकारियों से दो टूक कहा कि मानसून आने से पहले सभी छोटे-बड़े नालों की सिल्ट पूरी तरह साफ कर ली जाए, ताकि बारिश के दौरान सड़कों पर जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो। इस दौरान उन्होंने जनता से क्षेत्र की साफ-सफाई, सड़कों की स्थिति और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया।
नागरिकों ने जल निकासी को लेकर कुछ सुझाव दिए, जिस पर महापौर ने मौके पर मौजूद संबंधित अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। वहीं, नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने विभागीय अधिकारियों को सचेत करते हुए कहा कि निरीक्षण में पाई गई कमियों को अविलंब दूर कराने का निर्देश दिया। साथ ही लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों और अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई। निरीक्षण के दौरान पार्षद अक्षवयर सिंह, सुरेश सिंह, अपर नगर आयुक्त सविता यादव, मुख्य अभियंता आरके सिंह भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी