वाराणसी : सावन मास में कावड़ मार्ग पर मांस-मछली बेचने वालों पर कसा शिकंजा, वसूला जुर्माना
—नगर निगम की टीम ने दूसरे दिन लल्लापुरा और नई सड़क पर चलाया जांच अभियान
वाराणसी, 31 जुलाई (हि.स.)। सावन मास में उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी के कावड़ मार्ग पर खुले में मांस-मछली बेचने पर नगर निगम ने रोक लगाया है। नगर निगम प्रशासन कांवड़ यात्रा की पवित्रता और श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए आदेश को कड़ाई से पालन कराने के लिए सक्रिय है।
नगर निगम की टीम ने शहर में खुले में मांस-मछली की बिक्री रोकने के लिए लगातार दूसरे दिन शुक्रवार को भी सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान लल्लापुरा और नई सड़क क्षेत्र में नियमों की अनदेखी करने वालों पर कार्रवाई करते हुए 20,000 रुपये का चालान किया गया। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. विजय अमृतराज के नेतृत्व में निगम की टीम ने शहर के विभिन्न इलाकों में दौरा किया। इस दौरान टीम ने कई दुकानों की जांच की और सख्त हिदायत दी। हालांकि, जांच के दौरान शहर में ज्यादातर मांस और मछली की दुकानें पहले से ही बंद पाई गईं।
डॉ विजय ने बताया कि पूरे सावन माह और कांवड़ यात्रा के दौरान यह अभियान बिना रुके लगातार जारी रहेगा। यदि कोई भी नियमों का उल्लंघन करता हुआ पाया गया, तो उसके खिलाफ और अधिक सख्त कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
——कांवड़ यात्रा को लेकर मडुवाड़ीह चौराहे का निरीक्षण
धर्म नगरी वाराणसी में सावन माह के दौरान कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार शाम मडुवाड़ीह क्षेत्र में वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, एडीसीपी लिपि नागायच, एसीपी रोहनिया अवधेश विश्वकर्मा, मडुवाड़ीह थाना प्रभारी अजय राज वर्मा तथा क्राइम इंस्पेक्टर विद्यासागर शुक्ला ने मडुवाड़ीह चौराहे एवं आसपास के कांवड़ मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।अधिकारियों ने मडुवाड़ीह चौराहे से होकर गुजरने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी