वाराणसी में सजी हुनर की महफिल, महिलाओं ने हथेलियों पर उकेरी कला

 




—नगर निगम मुख्यालय में 'मिशन शक्ति' अभियान के तहत हुई मेहंदी प्रतियोगिता

—महिला कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, हथेलियों पर रचाई खूबसूरत कलाकृतियां

वाराणसी, 17 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में हथेली पर मेंहदी का रंग और चेहरों पर आत्मविश्वास की चमक... शनिवार को कुछ ऐसा ही विहंगम दृश्य देखने को मिला नगर निगम मुख्यालय में, जहां 'मिशन शक्ति' विशेष अभियान के तहत महिला सशक्तिकरण और रचनात्मक प्रतिभा को मंच देने के लिए विशेष मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।

नारी शक्ति, हुनर और आत्मविश्वास के इस उत्सव में मुख्यालय की विभिन्न श्रेणियों और आयु वर्ग की महिला कर्मचारियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इस आयोजन में मुख्य रूप से डॉक्यूमेंट मैनेजर प्रीति सिंह और आईसी एक्सपर्ट सरिता तिवारी सहित कई महिला कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिलाओं ने अपनी सृजनशीलता और कलात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए एक-दूसरे के हाथों पर मेंहदी के मनमोहक डिजाइन उकेरे।

नगर निगम के जनसम्पर्क अधिकारी ने बताया कि यह आयोजन सिर्फ कला का प्रदर्शन मात्र नहीं था, बल्कि महिला कर्मचारियों को अपनी छिपी हुई प्रतिभा को अभिव्यक्त करने का एक बेहतरीन अवसर भी प्रदान करता नजर आया। इस सहभागिता ने निगम परिसर में आपसी सौहार्द और महिला सशक्तिकरण की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक सराहनीय और प्रेरणादायक पहल के रूप में अपनी छाप छोड़ी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी