भिखारीपुर तालाब परिसर का होगा कायाकल्प, जलभराव की समस्या का भी त्वरित समाधान

 


—नगर आयुक्त ने भिखारीपुर तालाब और चितईपुर-अखरी मार्ग का किया निरीक्षण

वाराणसी, 19 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी नगर निगम ने शहर के जलस्रोतों के कायाकल्प और उन्हें पुनर्जीवित करने का अभियान शुरू किया है। शनिवार को नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने भिखारीपुर तालाब परिसर, चितईपुर से अखरी बाईपास तथा विश्वकर्मा नगर क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने जलभराव की समस्या के त्वरित समाधान, तालाब के सौंदर्यीकरण और मुख्य मार्गों तथा नालों पर किए गए अवैध अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश जारी किए। नगर आयुक्त ने भिखारीपुर तालाब परिसर में सुबह-शाम टहलने आने वाले नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम स्थापित करने का निर्देश दिया। वहीं, तालाब का मुख्य द्वार के जीर्णोद्धार व सौंदर्यीकरण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। इसके अलावा, पुलिस चौकी की ओर से बाहर का पानी तालाब परिसर में आकर जलजमाव उत्पन्न न करे, इसके लिए बैरिकेडिंग दीवार बनाने के निर्देश दिए। रात में अंधेरे की समस्या को दूर करने के लिए परिसर में हाईमास्ट लाइट और आवश्यकतानुसार छोटी लाइटें लगाने का प्रस्ताव मांगा गया है। तालाब परिसर के बाहर ठेले-खोमचे वालों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाने का आदेश दिया गया। क्षेत्र में जल निकासी की बदहाल व्यवस्था पर संज्ञान लेते हुए नगर आयुक्त ने चितईपुर मुख्य मार्ग पर इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास कच्ची नाली की खुदाई कराकर तत्काल जल निकासी सुचारू करने का निर्देश दिया। वहीं, विश्वकर्मा नगर में जलजमाव की गंभीर स्थिति को देखते हुए पंप लगाकर पानी को मुख्य मार्ग के नाले में गिराने के आदेश दिए, ताकि क्षेत्रीय जनता को जलभराव से राहत मिल सके।

—अतिक्रमणकारियों पर कसेगा शिकंजा, लगेगा जुर्माना

भिखारीपुर से अखरी बाईपास तक नाले पर लोगों द्वारा दुकानों को आगे बढ़ाकर किए गए अवैध कब्जे और नाले के ऊपर ही लगाए गए विज्ञापन होर्डिंग पर नगर आयुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि नाले पर अतिक्रमण के कारण पानी का बहाव बाधित हो रहा है और यातायात भी प्रभावित हो रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ऐसे स्थलों को चिन्हित कर विशेष अभियान चलाया जाए। अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ नाले को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए नोटिस जारी करने और जुर्माना लगाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। निरीक्षण के दौरान पूर्व पार्षद विनीत सिंह, मुख्य अभियंता सुरेश चंद्र, जलकल के महाप्रबंधक अनूप सिंह, अवर अभियंता पंकज पटेल भी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी