नगर निकायों में गृहकर और जलकर के बकाये पर ब्याज माफी की समय-सीमा बढ़ी, अब 14 दिसंबर तक मिलेगा लाभ

 


—उत्तर प्रदेश शासन ने जनहित में बढ़ाई आवेदन की अंतिम तिथि, 15 जनवरी 2027 तक होगा आवेदनों का निस्तारण

वाराणसी, 15 नवंबर (हि.स.)। गृहकर और जलकर के बकाये पर ब्याज माफी का लाभ लेने से वंचित रह गए भवन स्वामियों को उत्तर प्रदेश शासन ने बड़ी राहत दी है। एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) के तहत आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 14 दिसंबर 2026 कर दी गई है। वहीं, योजना के तहत प्राप्त आवेदनों के अंतिम निस्तारण की समय-सीमा भी बढ़ाकर 15 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है। इस योजना के अंतर्गत पात्र भवन स्वामियों को गृहकर एवं जलकर के बकाये पर ब्याज में शत-प्रतिशत छूट मिलेगी। हालांकि, योजना की अन्य शर्तें और प्रतिबंध पूर्ववत लागू रहेंगे।

रविवार को वाराणसी नगर निगम के जनसंपर्क कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, शहर के सभी आठ जोनों में कुल 97,918 भवन स्वामियों पर गृहकर के रूप में 295.67 करोड़ रुपये बकाया हैं। इसमें 209.95 करोड़ रुपये मूलधन और 85.72 करोड़ रुपये ब्याज की राशि शामिल है।

नगर निगम की ओर से ब्याज माफी का लाभ देने के लिए संचालित ओटीएस योजना के प्रति अब तक अपेक्षित उत्साह नहीं दिखा है। आंकड़ों के मुताबिक, अभी तक महज 25,075 भवन स्वामियों ने योजना के तहत आवेदन किया है। इन आवेदनों के माध्यम से नगर निगम को 70.01 करोड़ रुपये की मांग प्राप्त हुई है। हालांकि, आवेदन करने वालों में से भी केवल 4,574 भवन स्वामियों ने ही अब तक 8.89 करोड़ रुपये जमा किए हैं। शेष 20,501 आवेदकों ने 61.12 करोड़ रुपये की धनराशि जमा नहीं की है। इसके चलते नगर निगम की कुल वसूली महज 4.23 प्रतिशत पर सिमट गई है।

दशाश्वमेध जोन में सर्वाधिक बकाया, रामनगर वसूली में आगे

जोनवार आंकड़ों पर नजर डालें तो दशाश्वमेध जोन में सबसे अधिक 15,205 भवनों पर 68.37 करोड़ रुपये का कर बकाया है। इस जोन में 7,112 भवन स्वामियों ने ओटीएस के तहत आवेदन तो किया, लेकिन अब तक केवल 850 भवन स्वामियों ने ही 1.88 करोड़ रुपये जमा किए हैं। वहीं, वसूली के प्रतिशत के लिहाज से रामनगर जोन का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा है। यहां कुल 167 बकायेदारों में से 84 ने अपना बकाया जमा कर दिया है। इसके साथ ही जोन में वसूली का प्रतिशत 20.61 तक पहुंच गया है। दूसरी ओर, सारनाथ जोन में 22,649 भवन स्वामियों पर बकाया होने के बावजूद वसूली की स्थिति सबसे खराब है। यहां अब तक महज 1.56 प्रतिशत ही वसूली हो सकी है।

समय पर टैक्स जमा नहीं करने पर होगी कुर्की की कार्रवाई

नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने बताया कि बकायेदार भवन स्वामियों को ओटीएस योजना का लाभ उठाने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है। इसके लिए एसएमएस, फोन कॉल और चैटबॉट के माध्यम से रिमाइंडर भेजे जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग निर्धारित समय-सीमा में अपना बकाया जमा कर सकें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर कर का भुगतान नहीं करने वाले भवन स्वामियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। ऐसे बकायेदारों की मकान और अन्य संपत्तियों की कुर्की की कार्रवाई शुरू की जा सकती है। नगर आयुक्त ने भवन स्वामियों से अपील की कि विधिक कार्रवाई से बचने और ब्याज पर शत-प्रतिशत छूट का लाभ लेने के लिए अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना ओटीएस के तहत आवेदन कर बकाया कर जमा करें।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी