वाराणसी: महापौर व नगर आयुक्त ने कालभैरव मंदिर मार्ग की दीवारों पर खुद की पेंटिंग
— दुकानों के एक जैसे बोर्ड लगाने के दिए निर्देश
वाराणसी,23 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के महापौर अशोक कुमार तिवारी एवं नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने मंगलवार को शहर के विभिन्न वार्डों में चल रहे विकास व स्वच्छता कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने मैदागिन स्थित कालभैरव वार्ड की नाली व सफाई व्यवस्था को देखा। कालभैरव मंदिर मार्ग पर स्थित भवनों और दुकानों की बाहरी दीवारों के सुंदरीकरण व रंग-रोगन कार्य का जायजा लेते हुए महापौर व नगर आयुक्त ने खुद अपने हाथों से दीवारों पर पेंटिंग कर इस कार्य का शुभारंभ किया और श्रमिकों व स्थानीय लोगों का उत्साहवर्धन किया। महापौर अशोक तिवारी ने इस मार्ग पर स्थित सभी दुकानों का बोर्ड एक जैसा ही बनवाने और बोर्ड के नीचे सौजन्य से नगर निगम वाराणसी भी अनिवार्य रूप से लिखवाने का निर्देश दिया । निर्माणाधीन शौचालय का भी निरीक्षण किया, वहीं गुरुनानक मार्केट में ट्रांसफार्मर के पास गंदगी देखकर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई। कालभैरव वार्ड के बाद महापौर लहुराबीर पहुंचे, जहां पशु चिकित्सालय (घोड़ा अस्पताल) परिसर में म्युनिसिपल बांड के जरिए 34.52 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे भव्य मार्केट कॉम्प्लेक्स और अंडरग्राउंड पार्किंग के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। यहां निर्माण कार्य की सुस्त गति को देखकर महापौर ने नाराजगी व्यक्त की और मैनपावर बढ़ाते हुए कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के अगले चरण में महापौर ने बिरदोपुर वार्ड का रुख किया। वहां उन्होंने मानसून और जलजमाव की स्थिति से निपटने के लिए हो रही नाला सफाई और स्वच्छता कार्यों की जमीनी हकीकत देखी। निरीक्षण के दौरान नाले तो साफ मिले लेकिन वहां से निकाली गई सिल्ट (कूड़ा) सड़क पर ही पड़ी थी, जिसे उठाया नहीं गया था। इस पर महापौर ने सख्त रुख अपनाते हुए शाम तक हर हाल में सिल्ट उठवाने और सीवर को बेहतर ढंग से साफ कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान निगम सदन भाजपा दल के नेता सुरेश कुमार चौरसिया, काल भैरव वार्ड के पार्षद संजय कुमार गुजराती, नामित पार्षद मनोज यादव भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी