मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नमोघाट पर गोवर्धनधारी के दरबार में लगाई हाजिरी

 




वाराणसी,10 नवंबर(हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने मंगलवार को नमोघाट पर स्थित गोवर्धनधारी (भगवान श्रीकृष्ण) के दरबार में विधिवत हाजिरी लगाई। अन्नकूट पर्व पर गोवर्धन पूजा समिति की ओर से नमोघाट पर आयोजित ऐतिहासिक गोवर्धन पूजनोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि भाग लेने आए मोहन यादव ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के विविध रूपों में गोवर्धन रूप का विशेष महत्व है। यह पर्व देवराज इंद्र का घमंड चूर करने और प्रकृति के प्रति प्रेम व संरक्षण का संदेश देता है।

उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के बनारस में इस उत्सव में शामिल होने का अवसर मिला। मेरी ओर से यूपी और देश के सभी लोगों को गोवर्धन पूजा की बहुत-बहुत बधाई।

इसके पहले मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री का बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर भाजपा के पदाधिकारियों काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, प्रोटोकाल प्रभारी शैलेश पांडेय, जिलाध्यक्ष रामसकल पटेल आदि के साथ जनप्रतिनिधियों आयुष मंत्री डॉ दयाशंकर मिश्र 'दयालु', राज्यमंत्री रविन्द्र जायसवाल, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव के साथ गोवर्धन पूजा समिति के पदाधिकारियों विनोद यादव पप्पू, अनुज यादव, अजय यादव आदि ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी