मोहर्रम में नहीं होगी किसी नई परंपरा की शुरुआत, पारंपरिक मार्गों से ही निकलेंगे जुलूस : पुलिस आयुक्त
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को ताजिया स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
वाराणसी, 17 जून (हि.स.)। मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को ट्रैफिक पुलिस लाइन सभागार में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने की। इसमें धर्मगुरुओं, इमामों, ताजियेदारों तथा सिविल डिफेंस के सदस्यों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान समिति के सदस्यों की समस्याएं एवं सुझाव सुने गए तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने सभी संबंधित अधिकारियों को ताजिया स्थलों का निरीक्षण कर वहां पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मोहर्रम के दौरान किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं होगी और सभी कार्यक्रम पूर्व निर्धारित परंपराओं एवं नियमों के अनुरूप ही आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने ताजियेदारों से अपील की कि जुलूस के दौरान कोई भी व्यक्ति अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन न करे तथा डीजे की ध्वनि निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाए।
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कहा कि जनपद में पिछले एक वर्ष के दौरान सभी पर्व-त्योहार आपसी सौहार्द और शांति के वातावरण में संपन्न हुए हैं। उन्होंने लोगों से मोहर्रम सहित सभी त्योहारों को परंपरागत, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसा कोई कार्य न किया जाए जिससे किसी की धार्मिक अथवा सामाजिक भावनाओं को ठेस पहुंचे।
जिलाधिकारी ने शांति समिति के सदस्यों को निर्देशित किया कि ताजियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रखी जाए। साथ ही जुलूस केवल पारंपरिक मार्गों से ही निकाले जाएं। उन्होंने नगर निगम एवं पंचायतीराज विभाग को ताजिया स्थलों और जुलूस मार्गों पर विशेष साफ-सफाई, नालों की सफाई तथा चूने के छिड़काव के निर्देश दिए।
भीषण गर्मी को देखते हुए उन्होंने नगर निगम एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों को पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने, खराब पड़े आरओ प्लांट एवं हैंडपंपों की प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत कराने तथा आवश्यकता वाले क्षेत्रों में पानी के टैंकर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इसके अलावा विद्युत विभाग के अधिकारियों को जुलूस मार्गों पर लटके हुए तार, क्षतिग्रस्त बिजली के बॉक्स एवं अन्य संभावित खतरों को दूर करने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। लोक निर्माण विभाग को सड़कों और गलियों के गड्ढों की मरम्मत, जबकि संबंधित विभागों को सीवेज व्यवस्था, पेड़ों की छंटाई एवं पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि वर्तमान समय तकनीक का युग है और जनपद में व्यापक स्तर पर सीसीटीवी कैमरे स्थापित हैं। ऐसे में कोई भी व्यक्ति कानून व्यवस्था भंग कर बच नहीं सकता। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री साझा न करने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी फर्जी या अफवाहपूर्ण सूचना की जानकारी तत्काल प्रशासन या नजदीकी थाने को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने थाना स्तर पर आयोजित होने वाली शांति समिति की बैठकों में पूर्व वर्षों में संवेदनशील रहे स्थलों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए। बैठक में अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीना, एडीएम सिटी पंकज कुमार, डीसीपी गौरव वंशवाल, नीतू कादयान, एडीसीपी ट्रैफिक अंशुमान मिश्रा सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी