वाराणसी स्नातक एमएलसी चुनाव: समाजवादी पार्टी के आशुतोष सिन्हा जीते,55046 मत मिला

 


—तीन दिन तक चली मतगणना,जीत सपा नेतृत्व और कार्यकर्ताओं को किया समर्पित

वाराणसी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना के बाद समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने जीत दर्ज की। आशुतोष सिन्हा को अन्तिम चक्र में 55046 मत मिला, जबकि भाजपा के केदारनाथ सिंह को 35,114 मत मिले। आशुतोष सिन्हा की लगातार दूसरी जीत है। पार्टी प्रत्याशी की जीत के बाद कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने उन्हें फूलों से लाद दिया। विजेता आशुतोष सिन्हा ने अपनी जीत का श्रेय पार्टी नेतृत्व और कार्यकर्ताओं को दिया। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि उनकी जीत व्यक्तिगत नहीं,वरन पार्टी के हर कार्यकर्ता,शुभचिंतकों और समर्थकों की है। जिन्होंने पूरे मनोयोग से साथ दिया। कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने एक सामान्य कार्यकर्ता के लिए दिन-रात मेहनत की। तीन दिनों तक सुबह से पूरी रात जाग कर सड़कों पर पहरा दिया, ताकि चुनाव और मतगणना में किसी तरह की गड़बड़ी और बेईमानी न होने पाए। उन्होंने सभी सहयोगियों के प्रति आभार जताया। जीत की घोषणा के बाद अब सपा प्रत्याशी को निर्वाचन प्रमाणपत्र (सर्टिफिकेट) दे दिया गया है। इस परिणाम के साथ वाराणसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र की मतगणना प्रक्रिया पूरी हो गई है। मतगणना स्थल पर तीसरे दिन शाम को गहमागहमी समाप्त हो गई। आशुतोष सिन्हा ने मतगणना के शुरुआती दौर से ही बढ़त बनाए रखी । छठे राउंड तक उन्हें 35,086 मत मिले थे, जबकि भाजपा प्रत्याशी केदारनाथ सिंह के खाते में 23,253 मत आए थे। इस चरण में सपा प्रत्याशी की बढ़त 11,833 मतों की हो गई थी। इससे पहले पांचवें राउंड की मतगणना के बाद आशुतोष सिन्हा को 9,490 मतों की बढ़त मिली थी।

तीसरे राउंड में आशुतोष सिन्हा को 5,776 मत मिले थे, जिससे उनके कुल मतों की संख्या बढ़कर 16,195 हो गई थी। वहीं, केदारनाथ सिंह को इस चक्र में 4,414 मत मिले और उनके कुल मतों की संख्या 11,800 पहुंच गई थी। तीसरे राउंड के बाद सपा प्रत्याशी 4,307 मतों से आगे थे। दूसरे राउंड की मतगणना पूरी होने पर भी आशुतोष सिन्हा करीब 2,900 मतों से आगे चल रहे थे। पहड़िया मंडी स्थित मतगणना स्थल पर बुधवार देर शाम भाजपा कार्यकर्ताओं और कुछ अन्य प्रत्याशियों की ओर से आपत्ति जताए जाने के बाद मतगणना रोक दी गई थी। उस समय चार राउंड की गिनती पूरी हो चुकी थी, जबकि पांचवें राउंड की मतगणना अंतिम चरण में थी। हंगामे के बाद मौके पर कमिश्नर एस. राजलिंगम, जिलाधिकारी वाराणसी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

मतगणना शुरू होने से पहले मतपत्रों की बंडलिंग की गई थी। शुरुआती चरण में सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा ने मतगणना प्रक्रिया में गड़बड़ी की आशंका जताई थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि दो चक्रों की गिनती पूरी होने के बावजूद आधिकारिक घोषणा नहीं की जा रही है और मतगणना का विवरण डिस्प्ले बोर्ड पर प्रदर्शित नहीं किया जा रहा है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से मामले का तत्काल संज्ञान लेने की मांग की थी। इसके बाद जिला निर्वाचन अधिकारी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर डिस्प्ले बोर्ड की तस्वीर साझा की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी