वाराणसी खंड-शिक्षक/स्नातक चुनाव की तैयारियों की प्रेक्षकों ने की समीक्षा

 


मतगणना परिसर में पर्याप्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग, कंट्रोल रूम और मतदान केंद्रवार कम्युनिकेशन प्लान के निर्देश

वाराणसी,08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड-शिक्षक/स्नातक निर्वाचन-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए गुरुवार को आयुक्त सभागार में चुनाव प्रेक्षकों ने समीक्षा बैठक की। भारत निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त स्नातक निर्वाचन के प्रेक्षक जी.एस. प्रियदर्शी और शिक्षक निर्वाचन के प्रेक्षक प्रांजल यादव ने वाराणसी परिक्षेत्र के मंडलायुक्त एवं रिटर्निंग ऑफिसर एस. राजलिंगम से निर्वाचन तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली।

रिटर्निंग ऑफिसर ने निर्वाचन की तैयारियों का प्रस्तुतीकरण पीपीटी के माध्यम से किया। प्रेक्षकों ने सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को निर्वाचन प्रशिक्षण की प्रक्रिया की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट तथा माइक्रो ऑब्जर्वर की नियुक्ति शीघ्र सुनिश्चित करने के साथ ही मतदान एवं मतगणना में लगाए जाने वाले कार्मिकों का प्रशिक्षण निर्धारित समय में पूरा कराने को कहा। प्रेक्षकों ने निर्देश दिया कि निर्वाचन कार्य के लिए पर्याप्त संख्या में कार्मिकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और सभी मतदेय स्थलों पर आवश्यक बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध रहें। साथ ही मतगणना स्थल का चयन कर वहां तैनात किए जाने वाले कार्मिकों की ड्यूटी समय से निर्धारित करने को कहा।

बैठक में मतदान केंद्र, स्ट्रॉंग रूम, मतगणना स्थल, पोलिंग पार्टियों के गठन, परिवहन व्यवस्था सहित निर्वाचन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा हुई। जिला निर्वाचन अधिकारियों को मतगणना कार्मिकों के ड्यूटी रेंडमाइजेशन, पीठासीन अधिकारियों एवं प्रथम मतदान अधिकारियों, माइक्रो ऑब्जर्वर, यातायात व्यवस्था, रूट चार्ट तथा सेक्टर एवं जोनल मजिस्ट्रेट के प्रशिक्षण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए। निर्वाचन में नियुक्त सभी कार्मिकों को ड्यूटी आदेश की तामीला भी सुनिश्चित करने को कहा गया।

सीडीओ एवं प्रशिक्षण नोडल अधिकारी प्रखर कुमार सिंह ने प्रेक्षकों को कार्मिकों के रेंडमाइजेशन एवं प्रशिक्षण की निर्धारित तिथियों की जानकारी दी। प्रेक्षकों ने मतगणना परिसर में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, आवश्यक बैरिकेडिंग, कंट्रोल रूम की स्थापना तथा मतदान केंद्रवार कम्युनिकेशन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी मतदेय स्थलों पर वेबकास्टिंग एवं सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा।

बैठक के दौरान प्रेक्षकों ने वर्चुअल माध्यम से जुड़े सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों से उनके-अपने जिलों में चल रही तैयारियों की एक-एक कर जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में सहायक रिटर्निंग ऑफिसर/जिलाधिकारी वाराणसी सत्येंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी आलोक कुमार वर्मा, राजेश कुमार सहित निर्वाचन से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे। वहीं सोनभद्र, भदोही, जौनपुर, मिर्जापुर, गाजीपुर, बलिया और चंदौली के जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी