मिशन शक्ति 5.0 के तहत निकली बाइक रैली,पुलिस कमिश्नर ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

 


वाराणसी, 22 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में रविवार को ‘मिशन शक्ति 5.0’ के अंतर्गत महिला सुरक्षा एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला बाइक रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत रिजर्व पुलिस लाइन कमिश्नरेट वाराणसी के परेड ग्राउंड से हुई, जहां पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर इसे रवाना किया। रैली में बड़ी संख्या में महिला पुलिस अधिकारी एवं कर्मी शामिल रहीं।

पुलिस कमिश्नर (सीपी) ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के साथ-साथ उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि यह अभियान इस बात को भी सुनिश्चित करता है कि काशी की प्रत्येक महिला को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—1090, 1930 और 112—की जानकारी हो। रैली का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मसम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन की भावना को जागृत करना तथा समाज में महिला सुरक्षा के प्रति सकारात्मक संदेश प्रसारित करना रहा। साथ ही, आमजन को मिशन शक्ति 5.0 के प्रति जागरूक और प्रेरित करने पर भी विशेष बल दिया गया। यह रैली रिजर्व पुलिस लाइन से प्रारंभ होकर पुलिस लाइन चौराहा, कचहरी चौराहा, अंबेडकर चौराहा, जेपी मेहता, दैत्रावीर, भोजूबीर दूधसट्टी, अर्दली बाजार होते हुए पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में पीआरवी 112 की टीमें भी शामिल रहीं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी