वाराणसी में युवक ने लगाई फांसी लगाकर दी जान,पत्नी डेढ़ वर्ष पूर्व चली गई थी दिल्ली
वाराणसी, 18 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी जिले के आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित घसियारी टोला मोहल्ले में शुक्रवार को एक 42 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल की छानबीन कर साक्ष्य जुटाया। परिवार से पूछताछ के बाद शव को फंदे से उतरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
घसियारी टोला निवासी पवन यादव (42) का अपनी पत्नी के साथ विवाद चल रहा था। इस कारण पत्नी लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व अपनी बेटी को लेकर दिल्ली चली गई थी। इसके बाद से पवन मानसिक रूप से परेशान और बीमार रहने लगा। गुरुवार रात पवन ने परिवार के साथ खाना खाया और इसके बाद अपने कमरे में सोने चला गया। शुक्रवार सुबह काफी देर तक उसके कमरे से बाहर नहीं आने पर मां विमला देवी ने दरवाजा खटखटाया। कोई प्रतिक्रिया न होने पर परिजनों को शंका हुई तो रोशन दान से कमरे में देखा तो उसका शव फंदे से लटका हुआ था।
परिजनों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पूछताछ में परिजनों ने बताया कि पवन घर में सबसे बड़ा था। लगभग 20 वर्ष पहले एक सड़क हादसे में पवन गंभीर रूप से घायल हो गया था। हादसे के बाद से उसका मानसिक संतुलन बिगड़ गया था। हाल के दिनों में पवन और उसकी पत्नी में भी अनबन चल रहा था। पवन के परिजनों के अनुसार, पवन का इलाज काफी समय से चल रहा था, लेकिन उसकी मानसिक स्थिति भी सुधर नही थी। इस बीच उसकी पत्नी भी बेटी को लेकर मायके चली गई। आदमपुर थाना प्रभारी विमल मिश्र ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। मामले की जांच हो रही है और सभी पहलुओं पर ध्यान दिया जा रहा है। पवन की पत्नी को फोन कर घटना की जानकारी दी गई है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी