वाराणसी जोन में गो-तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 392 गोवंश बरामद, 112 तस्कर गिरफ्तार

 

——67 मुकदमे दर्ज, 57 वाहन जब्त,11 मुठभेड़ों में 17 तस्कर गिरफ्तार, 22 इनामी अपराधी भी पुलिस के हत्थे चढ़े

वाराणसी, 14 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत वाराणसी जोन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के निर्देश पर एडीजी जोन नवीन अरोड़ा के मार्गदर्शन में एक अगस्त से अब तक चलाए गए अभियान के दौरान 67 मुकदमे दर्ज कर 392 गोवंश बरामद किए गए हैं। इस दौरान 112 गो-तस्करों को गिरफ्तार करने के साथ तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे 57 वाहन भी जब्त किए गए हैं।

एडीजी जोन कार्यालय की ओर से शनिवार शाम जारी जानकारी के अनुसार, गोवंश बरामदगी के मामले में गाजीपुर पुलिस पहले स्थान पर रही। गाजीपुर पुलिस ने सर्वाधिक 140 गोवंश बरामद किए। इनमें भांवरकोल क्षेत्र में गंगा नदी के रास्ते दो नावों से बिहार ले जाए जा रहे 60 गोवंश भी शामिल हैं। वहीं, तस्करों की गिरफ्तारी में चंदौली पुलिस ने बाजी मारी। चंदौली पुलिस ने सर्वाधिक 31 तस्करों को गिरफ्तार किया।

अभियान के दौरान पुलिस ने गो-तस्करी में इस्तेमाल होने वाले कुल 57 वाहन जब्त किए। इनमें मोपेड, पिकअप, बोलेरो, ट्रक और नाव शामिल हैं। वाहन बरामदगी में भी चंदौली पुलिस 22 वाहनों के साथ सबसे आगे रही।

—22 इनामी तस्कर भी गिरफ्तार

पुलिस की कार्रवाई में 22 इनामी गो-तस्कर भी गिरफ्तार किए गए हैं। इनमें 50 हजार रुपये का एक, 25 हजार रुपये के 20 और 10 हजार रुपये का एक इनामी अपराधी शामिल है। इनामी अपराधियों की गिरफ्तारी में चंदौली पुलिस ने सर्वाधिक 14 तस्करों को दबोचा।

—11 मुठभेड़ों में 17 तस्कर गिरफ्तार

अभियान के दौरान पुलिस पर फायरिंग कर भागने की कोशिश करने वाले तस्करों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान हुई 11 मुठभेड़ों में 17 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध तमंचे और कारतूस बरामद किए। इन कार्रवाइयों के दौरान 38 गोवंश को तस्करों के चंगुल से सुरक्षित मुक्त कराया गया।

——एसपी ऑपरेशन मीरजापुर को मिली जोन की जिम्मेदारी

गो-तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने और अभियान में तेजी लाने के लिए एडीजी जोन नवीन अरोड़ा ने एसपी ऑपरेशन मीरजापुर राजकुमार मीणा को जोन का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वाराणसी जोन में गो-तस्करी की घटनाओं को न्यूनतम स्तर पर लाना अभियान का प्रमुख लक्ष्य है। इसके लिए सभी जिलों की पुलिस को सतर्कता बढ़ाने और तस्करी में शामिल गिरोहों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी