माहेश्वरी महिला संगठन ने हर्षोल्लास से मनाया 'लहरियो तीज उत्सव', स्वाति बाहेती बनीं 'तीज क्वीन'

 


— राजस्थानी नृत्य और कॉमेडी रील ने बांधा समां,पारंपरिक घूमर की प्रस्तुतियों ने जमाया रंग

वाराणसी, 28 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी में माहेश्वरी महिला संगठन की ओर से शुक्रवार को सावन की हरियाली और तीज के उल्लास को समर्पित लहरियो तीज उत्सव का आयोजन माहेश्वरी भवन में किया गया। लहरिया परिधान में सजी महिलाओं ने राजस्थानी संस्कृति की खूबसूरत झलक प्रस्तुत की। कार्यक्रम का प्रारंभ भगवान महेश के चित्र पर माल्यार्पण कर अलका बाहेती, लक्ष्मी लड्ढा, प्रज्ञा बजाज ने संयुक्त रूप से किया।

कार्यक्रम की विशेष थीम इन्स्टाग्राम राजस्थान रही, जिसके अंतर्गत राजस्थानी नृत्य रील, एवं घूमर नृत्य जैसी प्रतियोगिताएं आकर्षण का केन्द्र रही। प्रतियोगिता में श्रृंगार के आधार पर पांच ग्रुप - लहरियो, काजल, मेहंदी, बाजूबंद और पायल बनाए गए थे। प्रतियोगिता में तीज क्वीन - स्वाति बाहेती, द्वितीय विजेता - श्रेया सोमानी ,तृतीय विजेता - राधिका मुंद्रड़ा रही। इसी तरह राजस्थानी नृत्य रील में - लहरियो ग्रुप को सबसे ज्यादा लाइक और शेयर प्राप्त हुए। राजस्थानी कॉमेडी रील में - मेहंदी व पायल ग्रुप को दर्शकों ने सबसे ज्यादा पसंद किया। इस क्रम में पारंपरिक घूमर की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में विशेष रंग भर दिया। संगठन की प्रचार मंत्री सुनीता राठी ने बताया कि लहरियो तीज उत्सव में हमारी बहू-बेटियों ने आधुनिकता के साथ परंपरा का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में अध्यक्ष अलका बाहेती, मंत्री लक्ष्मी लड्ढा, कोषाध्यक्ष प्रज्ञा बजाज सहित सरोज भरानी, मंजू चितलांगिया, अल्पना सोनी, , मीनू लड्ढा, सुनीता काबरा, कृष्णा लड्ढा, राखी काबरा आदि ने भागीदारी की।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी