महारानी लक्ष्मीबाई के 191वें जन्मोत्सव पर ‘रणचंडी : काशी की कन्या’ की भव्य प्रस्तुति
——विद्यार्थियों ने नाट्य मंचन से जीवंत किया वीरांगना मनु के जन्म से जुड़ा प्रसंग
वाराणसी, 19 नवंबर (हि.स.)। वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के 191वें जन्मोत्सव पर गुरुवार शाम उनकी जन्मस्थली पर भव्य सांस्कृतिक समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महारानी लक्ष्मीबाई जन्म स्थान स्मारक समिति, सनबीम एकेडमी समूह एवं जागृति फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में ‘रणचंडी : काशी की कन्या’ नाटक का भावपूर्ण मंचन किया गया। सनबीम एकेडमी के छात्र-छात्राओं ने अपने सशक्त अभिनय से काशी की बेटी मनु के जन्म और उनके जीवन से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को मंच पर जीवंत कर दिया।
समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि पद्मश्री पंडित राजेश्वर आचार्य, विशिष्ट अतिथि लोक भूषण सम्मान से सम्मानित डॉ. जयप्रकाश मिश्रा, सनबीम एकेडमी समूह के सचिव जगदीप मधोक एवं जागृति फाउंडेशन के महासचिव रामयश मिश्र ने संयुक्त रूप से महारानी लक्ष्मीबाई के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि पद्मश्री पंडित राजेश्वर आचार्य ने कहा कि काशी की कन्या मनु साधारण नहीं, बल्कि असाधारण प्रतिभा और साहस की प्रतिमूर्ति थीं। उनके नाम का स्मरण मात्र ही साहस, बल और तेज का संचार करता है। काशी की यही बेटी आगे चलकर झांसी की रानी लक्ष्मीबाई बनीं और अपने अदम्य शौर्य से अंग्रेजी हुकूमत को चुनौती दी।
विशिष्ट अतिथि डॉ. जयप्रकाश मिश्रा ने कहा कि यह काशीवासियों के लिए गर्व की बात है कि महारानी लक्ष्मीबाई का जन्म काशी की धरती पर हुआ था। उनका अदम्य साहस, त्याग और बलिदान देश की आजादी के इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।
समारोह की अध्यक्षता करते हुए एकेडमी समूह के सचिव जगदीप मधोक ने कहा कि महारानी लक्ष्मीबाई काशी की बेटी थीं और उनकी आन, बान एवं सम्मान को अक्षुण्ण बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने संकल्प व्यक्त किया कि महारानी की जयंती पर प्रत्येक वर्ष भव्य आयोजन किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां उनके शौर्य, संघर्ष और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा ले सकें। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण एकेडमी के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नाटक ‘रणचंडी : काशी की कन्या’ रहा। विद्यार्थियों ने अपने प्रभावशाली अभिनय और मंचन के माध्यम से मनु के जन्म से जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को सजीव कर दिया। नाटक के दृश्य इतने प्रभावशाली रहे कि दर्शक मानो इतिहास के उसी कालखंड में पहुंच गए। प्रस्तुति के दौरान पूरा परिसर महारानी लक्ष्मीबाई के जन्मोत्सव के उत्साह, गौरव और राष्ट्रभक्ति के भाव से सराबोर हो उठा।
नाटक की परिकल्पना एवं निर्देशन राजेश्वर त्रिपाठी ने किया। इसके लेखक उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के रत्न सदस्य डॉ. राजेंद्र उपाध्याय हैं, जबकि काशी प्रसंग का लेखन पांडुरंग पुराणिक ने किया। नाटक के युद्ध दृश्यों का संयोजन पद्मश्री शशधर आचार्य ने किया।
समारोह के माध्यम से उपस्थित लोगों ने वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई के अदम्य साहस, त्याग और राष्ट्रभक्ति को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी