युवती को कूड़ा फेंकते देख बोले महापौर,बेटी! कूड़ा सड़क पर नहीं, गाड़ी में डालो

 


वाराणसी,23 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर के सिंधु नगर कॉलोनी की सड़क पर गुरूवार को कूड़ा फेंकती एक युवती की नजर जैसे ही सामने मौजूद एक सज्जन पर पड़ी, वह ठिठक गई। उसने देखा कि यह कोई और नहीं, बल्कि शहर के महापौर अशोक कुमार तिवारी थे। शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने निकले महापौर ने उसे डांटने कh बजाय बड़ी विनम्रता से रोका और हाथ जोड़कर अपील की, बिटिया, शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना हम सबकी जिम्मेदारी है। कूड़ा सड़क पर नहीं, बल्कि डोर-टू-डोर कलेक्शन के लिए आने वाली गाड़ी में ही डालना। यह वाकया तब हुआ जब महापौर औरंगाबाद, श्रीनगर कॉलोनी और सिंधु नगर का निरीक्षण कर रहे थे। महापौर के इस सहज व्यवहार और स्वच्छता के प्रति उनके आग्रह ने न केवल उस युवती को प्रभावित किया, बल्कि वहां मौजूद अन्य निवासियों के लिए भी यह एक बड़ा संदेश बन गया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने शहर की बुनियादी जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए सुधारों की एक विस्तृत कार्ययोजना भी तय की। उन्होंने गैवीघाट स्थित महादेव मंदिर परिसर में कुएं की मरम्मत और सफाई के साथ-साथ वहां लाइटिंग, पेवर ब्लॉक बिछाने और बाउंड्री वॉल को दुरुस्त करने के कड़े निर्देश दिए। साथ ही, मुख्य द्वार पर छोटी गैबी और मंदिर का नामकरण करने, स्ट्रीट लाइट को ठीक करने और स्कूल के पीछे की दीवार को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त, जन-सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए कुएं पर रेलिंग लगवाने, पार्क के बाहर की गलियों में विशेष सफाई अभियान चलाने, श्रीनगर पार्क के खराब फव्वारों की मरम्मत कराने और पार्क में झुके हुए बिजली के पोल को तत्काल बदलने की जिम्मेदारी अधिकारियों को सौंपी गई। महापौर ने गैबीघाट से लेकर श्रीनगर कॉलोनी तक की समस्याओं को चिह्नित कर त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए हैं। कुओं की मरम्मत, बेहतर लाइटिंग व्यवस्था और पार्कों के कायाकल्प के लिए विभागीय अधिकारियों को सख्त हिदायत दी गई है कि कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा हो।

निरीक्षण के दौरान पार्षद सिंधु सोनकर, प्रवीण राय, मुन्ना सरोज, पंकज पटेल, राजेंद्र गुप्ता, आकाश मिश्रा, कमलेश सोनकर, छोटे लाल और अपर नगर आयुक्त सविता यादव मौजूद रहे।

सड़कों पर उतरे विधायकों ने भी लगाया झाड़ू

महा-सफाई अभियान में जनप्रतिनिधियों ने भी सड़कों पर उतर कर झाड़ू लगाया। एमएलसी हंसराज विश्वकर्मा ने कंदवा के रेवा गिरी क्षेत्र में, एमएलसी धर्मेंद्र राय ने राजकीय उद्यान-सिकरौल में, पूर्व मंत्री व शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने बेनियाबाग हॉस्पिटल में और रोहनिया विधानसभा के विधायक डॉ. सुनील पटेल ने सुसुवाही वार्ड में साफ-सफाई कर शहर को स्वच्छ रखने का संदेश दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 28 अप्रैल को होने वाले प्रस्तावित वाराणसी आगमन को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है। शहर को वीआईपी मूवमेंट के अनुकूल स्वच्छ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से निगम ने हाई-अलर्ट जारी करते हुए महा-सफाई अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत प्रतिदिन सुबह 7.30 बजे से नौ बजे तक चलने वाले सफाई कार्यों की निगरानी सीधे 'सेंट्रल कमांड' के जरिए की जा रही है। अगले एक सप्ताह तक शहर के हर वार्ड में विशेष सफाई अभियान चलेगा, जिसमें संबंधित क्षेत्रीय पार्षद और विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे । महापौर भी प्रतिदिन एक वार्ड का दौरा कर मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी