मां अन्नपूर्णा का 17 दिवसीय व्रत शुरू, अंतिम दिन मां का धान के बाली से हाेगा श्रृंगार

 


वाराणसी, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की पंचमी तिथि रविवार से मां अन्नपूर्णा के 17 दिवसीय व्रत की शुरूआत हुई। व्रत के पहले दिन महिलाए मंदिर में अलसुबह से ही दर्शन पूजन के लिए उमड़ पड़ी। भोर में माता रानी के विग्रह का विधि विधान से पूजन अर्चन और भोग आरती के बाद महंत शंकरपुरी महाराज ने श्रद्धालुओं को 17 गांठ वाले पवित्र धागे वितरित किए।

माता अन्नपूर्णा के महाव्रत में 17 गांठ वाला धागा महिलाएं बाएं और पुरुष दाहिने हाथ में धारण करते हैं। इस व्रत में अन्न का सेवन 17 दिनों तक नहीं किया जाता। केवल एक वक्त बिना नमक का फलाहार किया जाता है। इस महाव्रत के उद्यापन के दिन 15 दिसंबर को मां अन्नपूर्णा का धान की बालियों से शृंगार होगा।

मंदिर के महंत के अनुसार, यह महाव्रत 17 वर्ष 17 महीने 17 दिन का होता है। परंपरा के अनुसार श्रद्धालु 17 साल, 17 महीने और 17 दिन के महाव्रत का संकल्प लेते हैं। काशी में मान्यता है कि सच्चे मन और नियम-संयम से लगातार 17 वर्षों तक यह व्रत करने वाले भक्तों की मनोकामनाएं मां अन्नपूर्णा पूर्ण करती हैं और परिवार में सुख-समृद्धि व अन्न की बरसात होती है। 15 दिसंबर को चंपा छठ के अवसर पर पूर्वांचल के किसानों की ओर से अर्पित नई फसल की धान की बालियों से मंदिर परिसर को सजाकर मां को नए अन्न का भोग लगाया जाएगा। इसके अगले दिन 16 दिसंबर को श्रृंगार में प्रयुक्त धान की बालियां श्रद्धालुओं में प्रसाद के रूप में वितरित की जाएंगी, जिन्हें भक्त अपने अन्न भंडार में रखते हैं।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी