लोहता रिंग रोड फेज-2 पर डिवाइडर से टकराई बुलेट, सवार युवक की मौत, दूसरा घायल

 

वाराणसी, 15 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जनपद के लोहता थाना क्षेत्र में बुधवार शाम खेवसीपुर ओवरब्रिज रिंग रोड फेज-2 पर एक तेज रफ्तार बुलेट अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में बुलेट सवार अंकित पांडेय (30 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हंसराज विक्रम (29 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि बुलेट सवार दोनों युवक जौनपुर की तरफ से वाराणसी जा रहे थे। खेवसीपुर के पास अचानक बाइक अनियंत्रित हुई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी तेज थी कि अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, हंसराज सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची लोहता पुलिस ने घायल हंसराज विक्रम को एंबुलेंस से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर भिजवाया। इसके बाद मृतक अंकित पांडेय के शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी