वाराणसी के रेवड़ी तालाब मदरसे में लिफ्ट टूट कर गिरने से युवक की मौत, एक अन्य घायल

 


वाराणसी, 01 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी शहर के भेलूपुर थाना क्षेत्र के पांडेय हवेली रेवड़ी तालाब स्थित मदरसा जामिया हमीदिया रिजविया में मंगलवार देर रात लिफ्ट टूट कर गिरने से उसमें सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं, एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की जानकारी पाते ही रेवड़ीतालाब चौकी प्रभारी मातहत पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंच गए और घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए बीएचयू ट्रामा सेंटर भिजवाया। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने फिलहाल कोई जानकारी नहीं दी। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। मृत युवक की पहचान मदनपुरा निवासी आसिफ आदिल (22) के रूप में हुई। घायल युवक मदनपुरा का ही हसनैन रजा (20) बताया गया है।

मदरसा जामिया हमीदिया रिजविया में मंगलवार देर शाम निकाह के कार्यक्रम में शरीक होने के लिए दोनों युवक आए थे। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दोनों चार मंजिला मदरसा के कम्युनिटी हाल में जाने के लिए लिफ्ट पर सवार हुए। इसी दौरान नीचे जा रही लिफ्ट अचानक फेल होकर तीन मंजिल नीचे आ गिरी। इसमें सवार आसिफ आदिल की मौके पर ही माैत हो गई। माना जा रहा है कि लिफ्ट का वायर टूटने के कारण यह दुर्घटना हुई। भेलूपुर एसीपी गौरव कुमार ने पत्रकाराें को बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस घटना की वजह जानने के लिए जांच पड़ताल कर रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि रेवड़ी तालाब चौकी प्रभारी ने सक्रियता दिखाते हुए घायल को अस्पताल भिजवाया। घायल युवक का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। भेलूपुर पुलिस ने मृत युवक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी