सनातनी नववर्ष के पहले दिन ललिताघाट पर भव्य गंगा आरती की शुरूआत,जय मां गंगे की गूंज

 




—श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की पहल,विशिष्ट जन और आला अफसर भी रहे मौजूद

वाराणसी, 19 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी (काशी) में उत्तरवाहिनी गंगा के एक और घाट ललिताघाट पर चैत्र नवरात्र के पावन प्रथम दिवस, विक्रम संवत 2083 के शुभ अवसर पर गुरूवार शाम से भव्य गंगा आरती की शुरूआत हुई।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास से संचालित गंगा आरती के शुभांरभ पर शिवभक्तों और पर्यटक की भीड़ भी मौजूद रही। इस दिव्य क्षण की प्रतीक्षा शिवभक्तों को लंबे समय से थी। गंगा आरती में राज्यमंत्री रविंद्र जायसवाल, प्रदेश के पूर्व मंत्री व वाराणसी शहर दक्षिणी के विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, पिंडरा विधायक अवधेश सिंह,वाराणसी परिक्षेत्र के कमिश्नर एस राज लिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार,श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ विश्वभूषण सहित अन्य विशिष्ट जन भी शामिल हुए।

आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने करतल ध्वनि तथा “जय माँ गंगा” के जयघोष से सम्पूर्ण वातावरण को भक्तिमय बना दिया। गंगा तट पर उपस्थित जनसमूह ने अत्यंत श्रद्धा एवं आस्था के साथ आरती में सहभागिता कर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया।

मंदिर न्यास के अनुसार गंगा आरती के प्रथम दिवस पर हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। और माँ गंगा की आरती में अपना विशेष योगदान प्रदान किया। इस आयोजन ने भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक परंपरा का अनुपम संगम प्रस्तुत किया। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा यह आयोजन जनमानस की आस्था को सुदृढ़ करने तथा सनातन परंपराओं के संरक्षण एवं नवीन पुनीत कार्यों के नवाचार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण प्रयास है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी