एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय टीम की जबरदस्त सफलता के बाद टीम मैनेजर का काशी में स्वागत
वाराणसी, 29 मई (हि. स.) । वियतनाम में आयोजित अंडर-23 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय टीम की जबरदस्त सफलता के बाद टीम मैनेजर रामसेवक यादव के शुक्रवार को वाराणसी आगमन पर हरहुआ क्षेत्र में उनका स्वागत किया गया।
काशी कृषक इंटर कॉलेज मैदान, हरहुआ चौराहा, गढ़वा चौराहा तथा सातोमहुआ सहित विभिन्न स्थानों पर लोगों ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन किया। स्वागत के दौरान समर्थकों और स्थानीय लोगों ने ‘भारत माता की जय’ तथा ‘रामसेवक यादव जिंदाबाद’ के नारों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
उल्लेखनीय है कि अंडर-23 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार स्वर्ण पदकों सहित कुल नौ पदक जीतकर एशिया में देश का परचम लहराया। भारतीय खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गुरुवार देर रात अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट के माध्यम से टीम को बधाई दी। रामसेवक यादव की अगुवाई में भारतीय दल की इस उपलब्धि को लेकर क्षेत्रीय खेल प्रेमियों और ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।---------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी