भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह ने मंगेतर सांसद प्रिया सरोज के साथ किया गंगा पूजन
——दशाश्वमेधघाट पर देखी गंगा सेवा निधि की भव्य गंगा आरती
वाराणसी, 21 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह ने मंगलवार शाम दशाश्वमेधघाट पर अपनी मंगेतर मछलीशहर की सांसद प्रिया सरोज के साथ विधि विधान से मंत्रोंच्चार के बीच मां गंगा का पूजन किया। मां गंगा का वैदिक रीति से पूजन अर्चन के बाद रिंकू सिंह ने गंगा सेवा निधि की भव्य गंगा आरती भी देखी। मां गंगा की भव्य आरती देख अभिभूत नजर आए रिंकू सिंह देर तक मां गंगा की प्रति श्रद्धाभाव दिखाते रहे। मां गंगा की आरती देख मंत्रमुग्ध नजर आए रिंकू सिंह ने गंगा सेवा निधि के विजिटर बुक में लिखा कि गंगा आरती में शामिल होना यह एक अद्भुत अनुभव रहा, हम सभी लोग काफी आनंदित हैं आप सभी लोगों के आशीर्वाद के लिए धन्यवाद।
इस दौरान गंगा सेवा निधि के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने खिलाड़ी को अंगवस्त्र प्रसाद व मोमेंटो देकर स्वागत किया। दशाश्वमेध घाट पर भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज लगभग एक घंटे तक मौजूद रहे। रिंकू सिंह ने गंगा आरती का हिस्सा बनने के पूर्व काशीपुराधिपति बाबा विश्वनाथ के दरबार में भावी पत्नी प्रिया सरोज के साथ हाजिरी लगाई।
रिंकू सिंह बीते सोमवार को इंडिगो विमान से बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे। उन्हें रिसीव करने खुद प्रिया सरोज एयरपोर्ट पहुंची थीं। एयरपोर्ट से दोनों सीधे ताज होटल गए और फिर प्रिया के गांव करखियाव (कठेरवा) स्थित ससुराल पहुंचे। ससुराल वालों ने रिंकू को गले लगाकर स्वागत किया। यहां रिंकू ने परिवार के साथ खाना भी खाया और उनके साथ समय बिताया। इस दौरान कोलकाता नाइट राइडर्स के साथी खिलाड़ी अनुकूल राय भी रिंकू के साथ रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी