उत्तर प्रदेश के 50 सदस्यों का एक दल केरल के लिए रवाना, एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम में भाग लेंगे

 


वाराणसी, 02 नवम्बर (हि.स.)। केन्द्रीय शिक्षा मंत्रालय की पहल पर एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम में युवा संगम फेज 0.7 के तहत सोमवार को उत्तर प्रदेश के 50 सदस्यों के एक दल ने काशी हिंदू विश्वविद्यालय के तत्वावधान में केरल के लिए प्रस्थान किया। दल का नेतृत्व काशी हिंदू विश्वविद्यालय के पत्रकारिता और जन संप्रेषण विभाग के वरिष्ठ उप आचार्य डॉ बाला लखेन्द्र कर रहे हैं। इस दल के लिए एक विशेष ओरियंटेशन कार्यक्रम रवानगी के पूर्व मालवीय भवन में आयोजित किया गया।

बतौर मुख्य अतिथि बीएचयू कुलपति प्रोफेसर अजित कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को भारत की सांस्कृतिक एकता अखंडता और उसकी विशिष्ट पहचान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से युवाओं में भारतीय सांस्कृतिक चेतना का जागरण होगा और वह समृद्ध भारत को एक नेतृत्व प्रदान करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से युवाओं की सृजनशीलता में वृद्धि होगी और वह विकसित भारत के निर्माण में सहभागी बनेंगे। इस अवसर पर प्रो. पतंजलि मिश्रा, सहायक कुलसचिव आशोक शर्मा सहित शिक्षा मंत्रालय के प्रशिक्षक टीम के सदस्य उपस्थित रहे।

डॉ बाला लखेन्द्र के अनुसार, एक भारत श्रेष्ठ भारत भारत सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है ।जिसका उद्देश्य भारतीय सांस्कृतिक विरासत से भारत के युवाओं को परिचित कराना है।

इस दल में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं जो अपने-अपने क्षेत्र के संस्कृति पर्व त्यौहार रीति रिवाज वस्त्र आभूषण खान-पान आदि के बारे में अपना विचार केरल में शेयर करेंगे । वे केरल की संस्कृति वहां के पर्व त्यौहार वहां के सांस्कृतिक और धार्मिक स्थलों का भ्रमण भी करेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी