मंडलायुक्त पहुंचे काशी विश्वनाथ धाम, सावन के पहले सोमवार पर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
बोले—सभी भक्तों को सुगम, सुरक्षित दर्शन की व्यवस्था, नागरिकों के लिए बाबा से मंगलकामना
वाराणसी,03 अगस्त(हि.स.)। सावन माह के प्रथम सोमवार पर वाराणसी परिक्षेत्र के मंडलायुक्त एस राजलिंगम ने श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का भी बारीकी से जायजा लिया। कमिश्नर ने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि दर्शन-पूजन हेतु आने वाले सभी भक्तों को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध हों। पूरे धाम परिसर का जायजा लेने के बाद कमिश्नर ने श्री काशी विश्वनाथ का विधि-विधान से दर्शन-पूजन किया तथा प्रदेश एवं देशवासियों के सुख, समृद्धि और मंगल की कामना की। इस अवसर पर उन्होंने धाम में दर्शन-पूजन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। पुष्पवर्षा से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और भक्तिमय वातावरण देखने को मिला। इस दौरान मंडलायुक्त ने समस्त श्रद्धालुओं एवं प्रदेशवासियों को सावन माह के प्रथम सोमवार की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान शिव की कृपा सभी पर बनी रहे तथा सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य का संचार हो। उन्होंने श्रद्धालुओं को भरोसा दिया कि दरबार में सभी भक्तों को सुगम, सुरक्षित दर्शन की व्यवस्था की गई है। उधर,सावन के पहले सोमवार पर पूरे काशी विश्वनाथ को सुगन्धित पुष्पों और फूलों के वंदनवार से सजाया गया है। इसकी तस्वीरें व वीडियो सोशल मीडिया में छाया हुआ है। सावन के पहले सोमवार पर श्री काशी विश्वनाथ धाम में प्रवेश के लिए दो छोर से कतारें लगीं हुई हैं। मैदागिन से चौक होते हुए गेट नंबर 4 सिल्को गली और गेट नंबर 4-ए के रास्ते, वहीं गोदौलिया से ढूंढीराज गेट नंबर 1 और नन्नू फरिया लेन से भक्त लगातार मंदिर परिसर में पहुंच रहे हैं। लक्सा वाले मार्ग पर रोपवे के निर्माण के चलते कतार नही लगी है। इसी तरह दशाश्वमेध घाट से नंदी चौक और नंदी चौक से गेट नंबर 4 तक ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है। मंदिर के अफसरों के अनुसार,सावन के पहले सोमवार की मंगला आरती के बाद सुबह 8 बजे तक 2 लाख 35 हजार 200 भक्त बाबा के दर्शन कर चुके हैं। दर्शन पूजन का यह सिलसिला अनवरत जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी