श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में 'काशी द्वार' से काशीवासी पूरे दिन बाबा का दर्शन कर सकेंगे
—प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मंदिर में विशेष सुविधा प्रारंभ
वाराणसी,09 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में प्रतिदिन उमड़ने वाली लाखों श्रद्धालुओं के बीच अब काशीवासी अलग से बाबा का सुगम दर्शन कर पाएंगे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मंदिर न्यास ने काशी वासियों के दर्शन के लिए अलग 'काशी द्वार' बनाया है। इस सुविधा के लिए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने वर्ष 2024 में द्वार संख्या 4-बी को काशी द्वार के रूप में चिन्हित कर लिया था।
गुरूवार को यह जानकारी मंदिर न्यास की ओर से दी गई। बताया गया कि द्वार संख्या 4-बी से पूर्व में प्रतिदिन प्रातः चार से पांच बजे तथा सायं चार से 05 बजे तक विशेष दर्शन की व्यवस्था थी। अब मंदिर न्यास ने इस सुविधा का विस्तार करते हुए काशीवासियों के लिए प्रातः 04:15 बजे से रात्रि 10:45 बजे तक (मंदिर खुलने के 15 मिनट बाद से मंदिर बंद होने के 15 मिनट पूर्व तक) इस द्वार से प्रवेश की व्यवस्था कर दी गई है। यह सुविधा विशेष तिथियों एवं पर्व दिवसों पर लागू नहीं होगी। इस विस्तारित व्यवस्था के पहले दिन बीते बुधवार (08 जुलाई ) को कुल 8,688 काशीवासी श्रद्धालुओं ने इस सुविधा का लाभ प्राप्त कर बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन किए। वहीं,गुरूवार 09 जुलाई 2026 को अपराह्न 01:30 बजे तक ही 5,196 काशीवासी श्रद्धालु इस विशेष सुविधा का लाभ उठा चुके हैं। काशीवासियों एवं श्रद्धालुओं को सुगम, सुरक्षित एवं व्यवस्थित दर्शन सुविधा उपलब्ध कराने के लिए न्यास निरंतर प्रयासरत है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी