श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में कतार प्रबंधन की समीक्षा, सहजता से दर्शन करेंगे श्रद्धालु
—मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं की सुविधा को बढ़ाने पर दिया जोर,व्यापक स्तर पर तैयारी
वाराणसी, 11 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन के लिए प्रतिदिन लाखों की संख्या में उमड़ रहे श्रद्धालुओं की सुविधा और दर्शन में घंटों प्रतीक्षा न करना पड़े इसके लिए मंदिर प्रबंधन ने व्यापक तैयारी की है। भीषण गर्मी को देखते हुए मंदिर प्रबंधन ने दर्शन के लिए कतार व्यवस्था को सुव्यवस्थित किया है। कतार बद्ध श्रद्धालुओं को शीघ्र दर्शन कराने के लिए अतिरिक्त कर्मियों की तैनाती की गई है। मंदिर के प्रवेश और निकास मार्गों को स्पष्ट रूप से निर्धारित किया गया है, जिससे आवागमन सुचारु बना रहे।
शनिवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से यह जानकारी दी गई। बताया गया कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में देश के विभिन्न भागों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान श्री विश्वेश्वर के दर्शन के लिए निरंतर पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुगम दर्शन सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की है। मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ विश्वभूषण के अनुसार , श्रद्धालुओं को अधिक समय तक कतार में प्रतीक्षा न करनी पड़े, इसके लिए समय-समय पर कतार प्रबंधन की समीक्षा की जा रही है। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है तथा पेयजल और स्वच्छता के लिए भी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। मंदिर प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यह है कि सभी श्रद्धालु सहजता और तीव्रता के साथ बाबा के दर्शन कर सकें तथा उनकी आस्था और विश्वास को पूर्ण सम्मान मिले। प्रशासन सभी श्रद्धालुओं से सहयोग की अपेक्षा करता है ताकि व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी