श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के घाट पर पुनः शुरू हुआ लेज़र शो, श्रद्धालुओं में बना आकर्षण
—देश के सर्वश्रेष्ठ लेजर शो का अवॉर्ड भी मिल चुका है
वाराणसी, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी स्थित श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के घाट (गंगा द्वार ललिता घाट)पर शुक्रवार शाम से पुन: आकर्षक लेज़र शो की शुरूआत हुई।
पहले दिन लेजर शो प्रस्तुति में ललिता घाट तथा काशी के गौरवपूर्ण इतिहास का मनोहारी चित्रण किया गया। लेजर शो देखने के लिए सूर्यास्त से ही श्रद्धालु घाट पर पहुंचने लगे। लेजर शो के शुरू होते ही घाट श्रद्धालुओं से पट गया।
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने बताया कि गत वर्ष अनापेक्षित रूप से गंगा नदी के जलस्तर में अचानक हुई वृद्धि के चलते लेजर मशीन के सभी पोल जलमग्न हो गए थे। तब से यह शो नहीं हो पा रहा था। जलमग्न होने के कारण मशीनों में सिल्ट भर गई थी और वह निष्क्रिय हो गई थी। बाढ़ग्रस्त क्षेत्र में महीनों जलमग्न रही इन मशीनों को पुनः संचालन लायक बनाया जाना अभियांत्रिकी का एक अत्यंत चुनौती पूर्ण कार्य था। परन्तु श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने मुंबई से विशेषज्ञ तकनीशियन दल को बुला कर विशेषज्ञ संस्थानों से भी सांस्थानिक सहयोग प्राप्त करते हुए यह दुष्कर उपलब्धि प्राप्त की है।
बताया गया कि बाढ़ प्रभावित होने से पूर्व की भांति ही यह लेज़र शो अब पुनः पूरी गुणवत्ता के साथ प्रदर्शन हेतु तैयार है। इस बीच श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास द्वारा मंदिर के गंगा घाट पर सायंकालीन गंगा आरती भी प्रारंभ की जा चुकी है, जो अल्पकाल में ही काशी के सबसे बड़े आकर्षणों में सम्मिलित हो चुकी है। अब लेजर शो के समाहित होने से मंदिर गंगा घाट और भी वाइब्रेंट स्वरूप में श्रद्धालुओं के आकर्षण का सब से लुभावना केंद्र बनेगा।
लेजर शो प्रतिदिन गंगा आरती के तुरंत पश्चात आयोजित किया जाएगा। लगभग 10 मिनट की अवधि वाले इस प्रस्तुतीकरण में प्रकाश और ध्वनि के सुंदर संयोजन द्वारा काशी की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी