श्री काशी विश्वनाथ धाम में शारदीय नवरात्रि की नवमी पर हवन के बाद कन्यापूजन
— शक्तिपीठ मां विशालाक्षी के निमित्त श्रृंगार सामग्री भेजी गई
वाराणसी,19 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी वाराणसी में शारदीय नवरात्रि की नवमी तिथि के पावन अवसर पर सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में मां भगवती की आराधना वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक विधि-विधान के साथ संपन्न हुई। इस अवसर पर मंदिर न्यास के पदाधिकारियों के नेतृत्व में मां आदिशक्ति के प्रति श्रद्धा निवेदित करते हुए हवन-पूजन एवं कन्या पूजन का आयोजन किया गया। साथ ही, मां विशालाक्षी के निमित्त श्रृंगार सामग्री बाबा श्री विश्वेश्वर के समक्ष विधिवत अवलोकित कराने के उपरांत माता के दरबार में भेजी गई। इस दौरान धाम में नवदुर्गा सप्तशती के पाठ के माध्यम से देवी के महात्म्य का स्मरण किया गया।
श्री काशी विश्वनाथ धाम स्थित मंदिर चौक में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास की ओर से मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र ने यजमान के रूप में सहभागिता करते हुए वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-पूजन संपन्न कराया। इसके उपरांत विधि-विधानपूर्वक कन्या पूजन किया गया। कन्या पूजन के माध्यम से सनातन परंपरा में निहित नारी शक्ति के सम्मान एवं देवी के स्वरूप में कन्याओं की उपासना के धार्मिक महत्व को अभिव्यक्त किया गया।
शारदीय नवरात्रि की नवमी तिथि पर आयोजित ये धार्मिक अनुष्ठान मां भगवती की उपासना और बाबा श्री काशी विश्वनाथ के प्रति अटूट श्रद्धा के समन्वय को अभिव्यक्त करते हैं। काशी की प्राचीन धार्मिक परंपराओं में शक्ति एवं शिव की आराधना का विशेष महत्व है। इसी आध्यात्मिक भाव के अनुरूप श्री काशी विश्वनाथ धाम में नवरात्रि के अवसर पर धार्मिक परंपराओं का विधिवत निर्वहन किया जा रहा है।
न्यास के अनुसार, अनुष्ठानों के माध्यम से मां भगवती से समस्त जगत के कल्याण, जनमानस के सुख-शांति, परिवारों की समृद्धि तथा समाज में सद्भाव एवं मंगल की कामना की गई। शारदीय नवरात्रि की नवमी पर संपन्न यह आराधना श्रद्धालुओं को धर्म, सेवा, करुणा एवं आध्यात्मिक चेतना के मार्ग पर अग्रसर होने की प्रेरणा देती है।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी