नए मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र ने किया श्री काशी विश्वनाथ धाम का निरीक्षण
—श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित समस्त प्रवेश एवं निकास मार्गों, जिग-जैग दर्शन व्यवस्था को परखा
वाराणसी, 22 सितंबर (हि.स.)। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं श्री काशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के नव नियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र ने मंगलवार शाम श्री काशी विश्वनाथ धाम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंदिर के डिप्टी कलेक्टर शंभू शरण, उप जिलाधिकारी पवन प्रकाश पाठक सहित मंदिर न्यास एवं परिषद के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी सत्यम मिश्र ने संपूर्ण धाम क्षेत्र का भ्रमण करते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम दर्शन से संबंधित व्यवस्थाओं का विस्तारपूर्वक जायजा लिया। उन्होंने धाम में श्रद्धालुओं के लिए निर्धारित समस्त प्रवेश एवं निकास मार्गों, जिग-जैग दर्शन व्यवस्था, कतार प्रबंधन, श्रद्धालुओं के आवागमन, सुरक्षा व्यवस्था एवं दर्शन व्यवस्था का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध शुद्ध पेयजल की व्यवस्था, स्वच्छता, विश्राम एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी जायजा लिया। साथ ही धाम परिसर में वृद्ध एवं जरूरतमंद श्रद्धालुओं के लिए संचालित मुमुक्षु भवन की व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया।
इसके बाद मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने धाम में श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध नवीन एवं वर्तमान व्यवस्थाओं की जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने व्यवस्थाओं को श्रद्धालु-केंद्रित बनाए रखने तथा अधिकाधिक श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक दर्शन उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं के आवागमन एवं दर्शन व्यवस्था में किसी प्रकार की असुविधा न हो, प्रवेश मार्गों एवं जिग-जैग व्यवस्था में कतार प्रबंधन प्रभावी रहे, शुद्ध पेयजल एवं स्वच्छता की व्यवस्था निरंतर सुनिश्चित की जाए । धाम में संचालित सभी श्रद्धालु सुविधाओं का नियमित अनुश्रवण किया जाए।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ धाम में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम एवं सुविधाजनक दर्शन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए धाम की व्यवस्थाओं का निरंतर निरीक्षण एवं आवश्यकतानुसार सुधार सुनिश्चित किया जाएगा।
-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी