वाराणसी : रक्षाबंधन पर्व पर श्री काशी विश्वनाथ को मंगलाआरती में राखी समर्पित
वाराणसी, 28 अगस्त (हि.स.)। श्रावणी पूर्णिमा पर शुक्रवार को उत्तर प्रदेश की धार्मिक नगरी काशी में श्री काशी विश्वनाथ (बाबा विश्वेश्वर) के दरबार में भोर की मंगलाआरती के बाद पावन ज्योर्तिलिंग पर राखी समर्पित की गई। बाबा विश्वनाथ को राखी अर्पित कर भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास के इस पवित्र पर्व पर उनका प्रतीक रूप से आशीर्वाद मांगा गया।
मंगलाआरती के बाद मंदिर का पट खुलते ही कतारबद्ध श्रद्धालुओं ने बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना किया कि सभी भाई-बहनों के प्रेम, स्नेह और रिश्तों को सदैव मजबूत बनाए रखें तथा परिवारों में सुख, शांति और समृद्धि का आशीर्वाद प्रदान करें। पर्व पर श्रद्धालुओं ने भी बाबा को राखी अर्पित किया। श्रावणी पूर्णिमा पर शाम को मंदिर के गर्भगृह में बाबा का झूलनोत्सव श्रृंगार किया जाएगा। श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत के टेढ़ीनीम स्थित आवास से बाबा की पंचबदन रजत चल प्रतिमा पालकी में विराजमान कराकर मंदिर के गर्भगृह में लाई जाएगी। श्रृंगार से पहले पंचबदन प्रतिमा का पंच गव्य स्नान कराया जाएगा। उसके बाद बाबा विश्वनाथ, माता गौरा और प्रथम पूज्य भगवान गणेश का फूलों से श्रृंगार होगा। बाबा की चल प्रतिमा को भव्य राजसी श्रृंगार के साथ शाम को टेढ़ीनीम से काशी विश्वनाथ मंदिर ले जाया जाएगा। पारंपरिक नाटकोट क्षेत्रम् के वाद्ययंत्रों और डमरू वादन की गूंज के साथ यह यात्रा निकाली जाएगी। सायंकाल मंदिर के गर्भगृह में चल प्रतिमा को विराजमान कराकर झूले पर झुलाया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी