मुख्यमंत्री योगी ने बाबा कालभैरव व बाबा विश्वनाथ के दरबार में किया दर्शन पूजन

 




वाराणसी, 05 सितम्बर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को एक दिवसीय वाराणसी के दौरे में काशी के कोतवाल बाबा कालभैरव और श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन पूजन किया। मुख्यमंत्री ने वाराणसी में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और राहत शिविर में पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों से मुलाकात की।

मुख्यमंत्री ने प्रभावित परिवारों का कुशलक्षेम पूछते हुए उन्हें राहत सामग्री उपलब्ध कराई और भरोसा दिलाया कि संकट की इस घड़ी में प्रदेश सरकार उनके साथ मजबूती से खड़ी है। यहां से मुख्यमंत्री बाबा कालभैरव के दरबार में पहुंचे। यहां उन्होंने दरबार में दर्शन पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। मंदिर से लौटते समय मुख्यमंत्री ने दुकानदारों के बच्चों पर प्यार लुटाया और उन्हें चाकलेट भी दिया। इसके बाद वे कड़ी सुरक्षा के बीच बाबा विश्वनाथ के दरबार में बारिश के बीच पहुंचे। मंदिर के गर्भगृह में उन्होंने वैदिक मंत्रोंच्चार के बीच विधि-विधान से बाबा का पूजन कर प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। मंदिर परिसर में मुख्यमंत्री ने श्रद्धापूर्वक काशीपुराधिपति का आशीर्वाद लिया। दर्शन के दौरान मंदिर परिसर और उनके आने—जाने के मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मुख्यमंत्री ने मंदिर में शिवभक्तों का हाथ जोड़कर अभिवादन भी किया। श्रद्धालु मुख्यमंत्री को देखकर हर—हर महादेव का उद्घोष कर उनका गर्मजोशी से स्वागत करते रहे। मंदिर में दर्शन पूजन के बाद मुख्यमंत्री एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी