काशी सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता: दूसरे दिन 9,868 प्रतिभागियों ने दिखाई प्रतिभा
— प्रेजेंटेशन/डिक्लेमेशन, निबंध लेखन और रील मेकिंग में 320 प्रतिभागी विजेता
— अब 23-24 जुलाई को जिला स्तरीय फाइनल
वाराणसी, 17 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में आयोजित काशी सांसद टूरिस्ट गाइड प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार को प्रतिभागियों में जबरदस्त उत्साह दिखा। उमस और धूप के बावजूद जिलेभर में सम्पन्न विभिन्न प्रतियोगिताओं में 9,868 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। 18 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के प्रतिभागियों के लिए प्रेजेंटेशन/डिक्लेमेशन, निबंध लेखन और रील मेकिंग प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिनमें कुल 320 प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया गया। इसके साथ ही प्रतियोगिता का प्रथम चरण संपन्न हो गया।
इन प्रतियोगिताओं का आयोजन सेवापुरी, आराजीलाइंस, काशी विद्यापीठ विकास खंड तथा नगर क्षेत्र के पांचों जोनों में किया गया। आयोजन समिति के अनुसार, प्रतियोगिता के लिए ऑनलाइन माध्यम से 26 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया था।
दूसरे दिन आयोजित तीनों प्रतियोगिताएं 10 निर्धारित विषयों (थीम) पर आधारित थीं। सेवापुरी ब्लॉक में 2,332 प्रतिभागियों ने भाग लिया, जिनमें 40 विजेता घोषित किए गए। आराजीलाइंस में 1,986 प्रतिभागियों में से 40, काशी विद्यापीठ में 1,517 प्रतिभागियों में से 40 प्रतिभागियों को विजेता चुना गया।
नगर क्षेत्र के आदमपुर जोन में 788 प्रतिभागियों में से 40, भेलूपुर में 808 में से 40, दशाश्वमेध में 646 में से 40, कोतवाली जोन में 1,065 में से 40 तथा वरुणापार जोन में 726 प्रतिभागियों में से 40 प्रतिभागियों को विजेता घोषित किया गया।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में सेवापुरी में जिला पंचायत सदस्य स्वाति सिंह और पूर्व विधायक सुरेंद्र नारायण सिंह, कोतवाली जोन में विधायक सौरभ श्रीवास्तव तथा दशाश्वमेध जोन में भाजपा पार्षद बिंदु सोनकर उपस्थित रहे।
आयोजकों के अनुसार, 16 और 17 जुलाई को आयोजित विभिन्न वर्गों की प्रतियोगिताओं में चयनित विजेता प्रतिभागी अब 23 एवं 24 जुलाई को संत अतुलानंद कॉन्वेंट स्कूल, कोईराजपुर में आयोजित होने वाली जिला स्तरीय फाइनल प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी