वाराणसी : बरेका में कार्यशाला के नव निर्मित उद्यान का महाप्रबंधक ने किया उद्घाटन

 


— वित्तीय वर्ष 2025–26 में 572 रेल इंजनों के अभूतपूर्व निर्माण पर कर्मचारियों को बधाई दी

वाराणसी, 02 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के महाप्रबंधक आशुतोष पंत ने गुरूवार को कार्यशाला परिसर में नवनिर्मित उद्यान का उद्घाटन किया। इस अवसर पर महाप्रबंधक ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वित्तीय वर्ष 2025-26 में 572 रेल इंजनों के निर्माण के बड़ी उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि बरेका ने वित्तीय वर्ष 2025–26 में 572 रेल इंजनों का अभूतपूर्व उत्पादन कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

यह शानदार उपलब्धि अब तक के सभी वित्तीय वर्षों में सर्वाधिक लोको उत्पादन का नया रिकॉर्ड बनाने के साथ भारतीय रेल के आत्मनिर्भर और सशक्त भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी है। महाप्रबंधक ने बरेका की भविष्य की कार्ययोजना और आगामी लक्ष्यों पर भी प्रकाश डाला तथा कहा कि टीम बरेका अपने सामूहिक प्रयास, तकनीकी दक्षता और नवाचार के बल पर आने वाले वर्षों में भी नए कीर्तिमान स्थापित करेगी और अपने समर्पण और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति के बल पर भारतीय रेल के विकास में निरंतर महत्वपूर्ण योगदान देती रहेगी।

—पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में लगभग 20 फीसद की उल्लेखनीय वृद्धि

बरेका के जनसम्पर्क कार्यालय के अनुसार, पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में कुल रेल इंजन उत्पादन में लगभग 20 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। उपलब्ध कार्य दिवसों के आधार पर बरेका ने प्रति कार्य दिवस लगभग 1.9 रेल इंजन का निर्माण कर अपनी उत्पादन क्षमता का प्रभावशाली प्रदर्शन किया है। इस वित्तीय वर्ष में बरेका द्वारा कुल 558 विद्युत रेल इंजनों का निर्माण किया गया, जो रेलवे बोर्ड द्वारा निर्धारित 553 इंजनों के लक्ष्य से लगभग 01 फीसद अधिक है।

बताया गया कि बरेका ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक नया कीर्तिमान स्थापित करते हुए मोजाम्बिक को 10 रेल इंजनों का निर्यात किया। इसके साथ ही गैर-रेलवे ग्राहकों के लिए भी 04 डीजल रेल इंजनों का निर्माण किया गया। अपने स्थापना से लेकर मार्च 2026 तक बरेका द्वारा 2925 विद्युत रेल इंजनों सहित कुल 11259 रेल इंजनों का निर्माण किया जा चुका है। बरेका ने इस वर्ष महत्वपूर्ण इन हाउस विद्युत कम्पोनेंट्स तथा क्षेत्रीय रेलों के लिए डीजल कम्पोनेंट्स के निर्माण और मरम्मत में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है। उद्घाटन के अवसर पर प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर मनोज कुमार गुप्ता, प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर विवेक शील, प्रमुख मुख्य सामग्री प्रबंधक आलोक अग्रवाल, प्रधान वित्त सलाहकार मुक्तेश मित्तल, प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी लाल जी चौधरी, प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार आदि अफसर भी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी