भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप हो ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस की सुरक्षा : जिलाधिकारी
—जिलाधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया मासिक निरीक्षण
वाराणसी, 31 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने शुक्रवार को तहसील सदर स्थित निर्वाचन कार्यालय के ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में मासिक बाह्य निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का गहन जायजा लेते हुए भारत निर्वाचन आयोग के सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने वेयरहाउस परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की संख्या, उनकी कार्यशीलता, कंट्रोल रूम की व्यवस्था, कक्षवार विद्युत आपूर्ति, खिड़कियों एवं रोशनदानों की सुरक्षा सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने वेयरहाउस के बाहरी हिस्से में लगे सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से सुरक्षा व्यवस्था की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी समेत संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा के दृष्टिगत भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सुरक्षा गार्डों की शिफ्टवार तैनाती, प्रवेश नियंत्रण तथा वेयरहाउस की समग्र सुरक्षा व्यवस्था का भी अवलोकन किया और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी