सरकारी योजनाओं का लाभ उद्यमियों को प्राथमिकता पर उपलब्ध कराएं : सत्येंद्र कुमार
जिला स्तरीय उद्योग बन्धु एवं जनपदीय एमओयू क्रियान्वयन इकाई की बैठक
वाराणसी, 21 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में वाराणसी के जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु एवं जनपदीय एमओयू क्रियान्वयन इकाई की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में निवेश, औद्योगिक विकास और उद्यमियों की समस्याओं के समाधान की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उद्यमियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाए तथा निवेशकों की सभी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में बताया गया कि जनपद में अब तक 198 एमओयू के माध्यम से कुल 21,456.42 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से 98 परियोजनाएं पूरी तरह संचालित हो चुकी हैं, जिनके माध्यम से 5,272.54 करोड़ रुपये का निवेश धरातल पर उतर चुका है। इसके अलावा 25 परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा है। इस दौरान उद्यमियों ने वाराणसी में विकसित हो रहे अनुकूल निवेश वातावरण तथा प्रशासन की सक्रिय कार्यशैली की सराहना की।
'निवेश मित्र पोर्टल' की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में पोर्टल पर प्राप्त 546 आवेदनों में से 356 का निस्तारण कर स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है, जबकि समय सीमा के बाद केवल एक प्रकरण क्षेत्रीय प्रबंधक, यूपीसीडा स्तर पर लंबित है। इस पर जिलाधिकारी ने लंबित एवं अनिस्तारित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने वाराणसी विकास प्राधिकरण (वीडीए) सहित संबंधित विभागों को निवेशकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और उनकी समस्याओं का निर्धारित समय सीमा के भीतर समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने औद्योगिक आस्थान चांदपुर में सूखे पेड़ को हटाने, पोस्ट ऑफिस को अन्यत्र स्थानांतरित करने तथा अनधिकृत रूप से खड़े ट्रांसपोर्ट वाहनों और लोडिंग-अनलोडिंग में लगे ट्रकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई कर उन्हें हटाने के भी निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, सहायक पुलिस आयुक्त (मुख्यालय), सहायक महानिरीक्षक, निबंधक, उपायुक्त उद्योग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी