वाराणसी में जननी सुरक्षा योजना में 290 आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका पर उठे सवाल
——जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य योजनाओं में लापरवाही पर जताई नाराजगी
वाराणसी, 25 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हेल्थ डैशबोर्ड की रैंकिंग में वाराणसी जनपद पांचवें स्थान पर है। स्वास्थ्य सेवाओं में और सुधार के लिए जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने विभागीय अधिकारियों को योजनाओं की लगातार निगरानी करने और कमियों को तत्काल दूर करने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि लाभार्थीपरक स्वास्थ्य योजनाओं के क्रियान्वयन और भुगतान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
—जननी सुरक्षा योजना में 12,744 लाभार्थियों को भुगतान
जननी सुरक्षा योजना की समीक्षा में बताया गया कि जिले में अब तक 12,744 लाभार्थियों को भुगतान किया जा चुका है। इस मामले में वाराणसी प्रदेश में छठे स्थान पर है। जिलाधिकारी ने प्रदर्शन में और सुधार के निर्देश देते हुए कहा कि जिन चिकित्सा संस्थानों में लाभार्थियों का भुगतान लंबित है, वहां प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध भुगतान कराया जाए।
—290 आशाओं ने नहीं कराया एक भी प्रसव
बैठक में जननी सुरक्षा योजना के तहत आशा कार्यकर्ताओं की भूमिका की भी समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान सामने आया कि जिले की 290 आशा कार्यकर्ताओं ने योजना के अंतर्गत एक भी प्रसव नहीं कराया। जिलाधिकारी ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित आशा कार्यकर्ताओं को नियमानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
—‘नमो शक्ति रथ’ से स्तन कैंसर स्क्रीनिंग की समीक्षा
बैठक में ‘नमो शक्ति रथ’ के माध्यम से संचालित स्तन कैंसर स्क्रीनिंग अभियान की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक पात्र महिलाओं की स्क्रीनिंग कराई जाए। स्क्रीनिंग में संदिग्ध पाए जाने वाले मामलों में आवश्यक जांच और उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा गया।
इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एन.पी. सिंह ने विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने विभाग की ओर से किए जा रहे प्रयासों और आगामी कार्ययोजना से भी जिलाधिकारी को अवगत कराया। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, जनपद स्तरीय चिकित्सालयों के प्रमुख चिकित्सा अधीक्षक/मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी समेत स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी