रविवार को वाराणसी में होगा जदयू का राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन, निशांत कुमार करेंगे नई राजनीतिक पारी की शुरुआत : श्रवण कुमार
बिहार के सुशासन मॉडल को यूपी में लागू करने की दिशा में काम करेगी जदयू, शराबबंदी और विकास के मुद्दे होंगे प्रमुख
वाराणसी, 31 अक्टूबर (हि.स.)। जनता दल (यूनाइटेड) उत्तर प्रदेश की ओर से 01 नवंबर रविवार को वाराणसी के कोरौता स्थित रामलीला मैदान में राज्यस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन में पार्टी के युवा नेता निशांत कुमार उत्तर प्रदेश में अपनी नई राजनीतिक पारी की शुरुआत करेंगे। यह जानकारी शनिवार को बिहार सरकार के ग्रामीण विकास एवं सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री तथा जदयू के यूपी प्रभारी श्रवण कुमार ने पत्रकारों को दी।
लोहता बाजार रोड स्थित एक लॉन में आयोजित प्रेसवार्ता में श्रवण कुमार ने बताया कि सम्मेलन में पार्टी के वरिष्ठ नेता संजय झा, जामा खान सहित कई मंत्री, विधायक और सांसद शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि यह सम्मेलन उत्तर प्रदेश में पार्टी के संगठनात्मक विस्तार और राजनीतिक गतिविधियों को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण साबित होगा।
उन्होंने कहा कि बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में स्थापित सुशासन, विकास और सामाजिक न्याय के मॉडल को उत्तर प्रदेश में भी लागू करने की दिशा में जदयू काम करेगी। आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के घोषणा-पत्र में सुशासन मॉडल के साथ शराबबंदी को भी प्रमुखता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि शराबबंदी केवल नशामुक्ति का विषय नहीं, बल्कि अपराध नियंत्रण, सड़क सुरक्षा, महिला सुरक्षा और पारिवारिक जीवन में सकारात्मक बदलाव से जुड़ा व्यापक सामाजिक मुद्दा है।
जदयू के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने कहा कि सम्मेलन में बूथ स्तर से लेकर जिला और प्रदेश स्तर तक के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल होंगे। पार्टी का लक्ष्य उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत कर एक सशक्त राजनीतिक विकल्प के रूप में अपनी पहचान स्थापित करना है।
गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस संबंध में अंतिम निर्णय पार्टी का राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा। प्रदेश स्तर पर पार्टी की सक्रियता बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्रेसवार्ता में पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष सुशील कश्यप, शालिनी सिंह पटेल और जिलाध्यक्ष ब्रह्मचारी पटेल सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी